भरोसे का सौदा पड़ा महंगा: PWD कर्मचारी 70 लाख के जेवर लेकर गायब, पुलिस आरोपी की तलाश में
धमतरी। वर्षों पुराने पारिवारिक रिश्तों और अटूट विश्वास का ऐसा दुरुपयोग शायद ही किसी ने सोचा होगा। धमतरी के एक प्रतिष्ठित सराफा कारोबारी के साथ कथित तौर पर 70 लाख रुपये की ठगी का मामला सामने आया है, जिसमें लोक निर्माण विभाग (PWD) का एक कर्मचारी भरोसा जीतकर लाखों के सोने-चांदी के आभूषण लेकर फरार हो गया।
जानकारी के अनुसार, कोतवाली थाना क्षेत्र स्थित सदर बाजार के सराफा व्यापारी जसराज जैन ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। शिकायत में बताया गया है कि आरोपी हेमंत सोनी, जो PWD में कार्यरत है, उसके परिवार का जैन परिवार से वर्षों पुराना संबंध रहा है। हेमंत के पिता लंबे समय तक जसराज जैन की दुकान में काम करते रहे, जिससे दोनों परिवारों के बीच गहरा विश्वास कायम हो गया था।
इसी विश्वास की आड़ में हेमंत सोनी का दुकान में लगातार आना-जाना बढ़ा। वह ग्राहकों को आभूषण दिखाने और बिक्री संबंधी कामों में सहयोग करने लगा। समय के साथ व्यापारी का भरोसा इतना बढ़ गया कि उसे कीमती जेवरात भी सौंपे जाने लगे।
पीड़ित व्यापारी के मुताबिक करीब दो महीने पहले हेमंत सोनी लाखों रुपये मूल्य के सोने-चांदी के जेवरात लेकर दुकान से निकला, लेकिन फिर वापस नहीं लौटा। जब उससे संपर्क करने की कोशिश की गई तो उसका मोबाइल फोन बंद मिला। परिजनों और परिचितों के माध्यम से भी उसकी तलाश की गई, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिल सकी।
काफी खोजबीन के बाद व्यापारी को एहसास हुआ कि उसके साथ बड़ी धोखाधड़ी हुई है। मामले की शिकायत पुलिस से की गई है, जिसके बाद जांच शुरू कर दी गई है। घटना सामने आने के बाद शहर के सराफा कारोबारियों में चिंता और आक्रोश का माहौल है। व्यापारी वर्ग का कहना है कि विश्वास के नाम पर हुई इस कथित ठगी ने पूरे व्यापारिक समुदाय को झकझोर कर रख दिया है।
पुलिस अब आरोपी की तलाश में जुटी हुई है और मामले के विभिन्न पहलुओं की जांच कर रही है।

