कांकेर..बाजार में ग्राहक का इंतजार कर रहा था कछुआ तस्कर, वन विभाग ने 11 जिंदा कछुओं के साथ दबोचा
पखांजूर के पीवी-124 बाजार में वन विभाग की दबिश, आरोपी न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया
कांकेर। वन्यजीवों की तस्करी पर शिकंजा कसते हुए वन विभाग की उड़नदस्ता टीम ने बड़ी कार्रवाई की है। टीम ने ग्राम पीवी-124 के बाजार में दबिश देकर 11 जिंदा कछुओं के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। बताया जा रहा है कि आरोपी इन कछुओं को बेचने के लिए ग्राहक की तलाश कर रहा था।
वन विभाग की टीम को सूचना मिली थी कि बाजार में वन्यप्राणियों की अवैध खरीद-बिक्री की जा रही है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए वन स्तरीय उड़नदस्ता दल ने मौके पर घेराबंदी की। टीम ने कार्रवाई करते हुए ग्राम पीवी-117 निवासी दीपांकर राय को पकड़ लिया।
तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे से 11 जिंदा कछुए बरामद किए गए। जब्त कछुओं का कुल वजन करीब 7 किलो 10 ग्राम बताया गया है। वन विभाग ने सभी कछुओं को सुरक्षित अपने कब्जे में ले लिया है।
आरोपी के खिलाफ वन्यप्राणी संरक्षण अधिनियम, 1972 के तहत विभिन्न धाराओं में अपराध दर्ज किया गया है। कार्रवाई के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
वन विभाग की इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में वन्यजीवों की अवैध खरीद-बिक्री करने वालों में हड़कंप मचा हुआ है। विभाग ने स्पष्ट किया है कि वन्यप्राणियों की तस्करी और अवैध कारोबार के खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।

