प्रेमी की मौत का सदमा नहीं सह सकी 20 वर्षीय युवती, दो दिन बाद फांसी लगाकर दी जान
सड़क हादसे में प्रेमी की मौत के बाद गहरे सदमे में थी युवती, घर में मातम का माहौल
![]() |
| प्रतीकात्मक फोटो |
सूरजपुर। जिले से एक बेहद दुखद मामला सामने आया है। सड़क हादसे में प्रेमी की मौत की खबर से गहरे सदमे में आई 20 वर्षीय युवती ने कथित तौर पर दो दिन बाद अपने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है, वहीं पूरे इलाके में शोक का माहौल है।
मिली जानकारी के अनुसार, दो दिन पहले सड़क दुर्घटना में वीरपाल नामक युवक की मौत हो गई थी। बताया जा रहा है कि मृतक युवक के साथ युवती का प्रेम संबंध था। प्रेमी की मौत की खबर मिलने के बाद युवती गहरे सदमे में चली गई थी। परिजनों के मुताबिक, घटना के बाद से वह काफी गुमसुम रहने लगी थी और किसी से ज्यादा बातचीत नहीं कर रही थी।
बुधवार को युवती ने अपने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना की जानकारी मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई और पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।
सूचना मिलने पर करंजी चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। प्रारंभिक जांच में पुलिस युवती द्वारा प्रेमी की मौत के सदमे में यह कदम उठाए जाने की आशंका जता रही है। हालांकि, मामले की पूरी जांच के बाद ही घटना के वास्तविक कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा।
फिलहाल, पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

