बोराई में विशेष चिकित्सा शिविर सफल: 243 मरीजों का उपचार, 31 स्कूली बालिकाओं को लगा HPV टीका
उत्तम साहू
नगरी/बोराई, 10 जुलाई 2026। धमतरी जिले के बोराई स्थित सिविल अस्पताल में शुक्रवार को आयोजित एक दिवसीय विशेष चिकित्सा शिविर में 243 मरीजों ने विशेषज्ञ स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाया। स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग, जिला धमतरी तथा इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (IMA) धमतरी के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस शिविर में दूरस्थ अंचल के लोगों को विशेषज्ञ चिकित्सकीय परामर्श, जांच एवं निःशुल्क दवाइयां उपलब्ध कराई गईं।
कलेक्टर के निर्देश एवं मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. यू.एल. कौशिक के मार्गदर्शन में आयोजित शिविर में मेडिसिन विशेषज्ञ डॉ. सुधीर चटर्जी, स्त्री एवं प्रसूति रोग विशेषज्ञ डॉ. वर्षा जैन, जनरल सर्जन डॉ. विभोर नंदा, नेत्र रोग विशेषज्ञ डॉ. आशीष खालसा, शिशु रोग विशेषज्ञ डॉ. आशीष अग्रवाल तथा अस्थि रोग विशेषज्ञ डॉ. संगम लुनकड़ ने मरीजों का परीक्षण कर आवश्यक उपचार एवं स्वास्थ्य संबंधी परामर्श दिया।
बीपीएम हितेंद्र साहू ने बताया कि शिविर में कुल 243 मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। इनमें 47 स्त्री रोग, 35 नेत्र रोग, 41 मेडिसिन, 51 जनरल सर्जरी, 39 शिशु रोग तथा 21 हड्डी रोग से संबंधित मरीज शामिल रहे। सभी मरीजों को आवश्यकतानुसार चिकित्सकीय सलाह, जांच की सुविधा एवं उपलब्धता के अनुसार निःशुल्क दवाइयों का वितरण किया गया।
शिविर की एक महत्वपूर्ण उपलब्धि 31 स्कूली बालिकाओं को एचपीवी (HPV) टीका लगाया जाना रही। यह टीकाकरण गर्भाशय ग्रीवा (सर्वाइकल) कैंसर की रोकथाम की दिशा में महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है। इस दौरान छात्राओं एवं उनके अभिभावकों को टीकाकरण के महत्व और स्वास्थ्य संबंधी आवश्यक जानकारी भी दी गई।
विशेषज्ञ चिकित्सकों ने लोगों को नियमित स्वास्थ्य जांच कराने, संतुलित आहार लेने, स्वच्छता बनाए रखने तथा किसी भी बीमारी के शुरुआती लक्षण दिखाई देने पर तुरंत चिकित्सकीय परामर्श लेने की सलाह दी।
खण्ड चिकित्सा अधिकारी डॉ. डी.एन. सोम ने शिविर के सफल आयोजन पर स्वास्थ्य विभाग, IMA धमतरी, विशेषज्ञ चिकित्सकों, स्वास्थ्य अधिकारियों-कर्मचारियों, चिरायु दल, मितानिनों, शिक्षकों, जनप्रतिनिधियों, ग्राम पंचायत बोराई तथा स्थानीय नागरिकों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने भविष्य में भी ऐसे जनहितकारी स्वास्थ्य शिविरों का नियमित आयोजन किए जाने की प्रतिबद्धता जताई।
शिविर में डॉ. नरेन्द्र, डॉ. देविका, डॉ. मिथलेश, डॉ. रेणुका, आरएमए संजीव साहू सहित चिरायु दल के सदस्यों एवं स्थानीय मितानिनों का विशेष सहयोग रहा।


