पेंशनर्स समाज नगरी की कार्यकारिणी बैठक 24 जुलाई को
पांचों जोन के प्रभारियों और कार्यकारिणी सदस्यों की उपस्थिति अनिवार्य
उत्तम साहू
नगरी-सिहावा। छत्तीसगढ़ पेंशनर्स समाज तहसील शाखा नगरी के भवन में पेंशनर्स कार्यकारिणी नगरी की महत्वपूर्ण बैठक आगामी 24 जुलाई को आयोजित की जाएगी। बैठक में नगरी तहसील के सभी पांचों जोन के प्रभारी एवं कार्यकारिणी सदस्यों की उपस्थिति अनिवार्य की गई है।
बैठक में सभी जोन प्रभारियों से अपने-अपने जोन की गतिविधियों की जानकारी एवं अन्य आवश्यक जानकारियों के साथ उपस्थित होने की अपील की गई है। इसके अलावा प्रत्येक जोन में सेवानिवृत्त होने वाले अधिकारियों एवं कर्मचारियों की जानकारी भी साथ लाने को कहा गया है।
पेंशनर्स समाज द्वारा ऐसे सेवानिवृत्त अधिकारियों और कर्मचारियों को संगठन से जोड़ने के लिए प्रेरित किया जाएगा, जिन्होंने अभी तक पेंशनर्स समाज की सदस्यता ग्रहण नहीं की है। संगठन का उद्देश्य अधिक से अधिक पेंशनर्स को समाज से जोड़कर उनके हितों एवं अधिकारों के लिए एकजुट होकर कार्य करना है।
पेंशनर्स समाज के अध्यक्ष आर.एल. देव ने तहसील शाखा के सभी पदाधिकारियों से भी बैठक में अनिवार्य रूप से उपस्थित रहने की अपील की है। बैठक में संगठन की आगामी गतिविधियों एवं सदस्यता विस्तार को लेकर महत्वपूर्ण चर्चा की जाएगी।

