39 और 36 वर्षों की गौरवपूर्ण सेवा के बाद निरीक्षक रामकिशुन अग्निवंशी व एएसआई देवनाथ सिन्हा सेवानिवृत्त, धमतरी पुलिस ने दी भावभीनी विदाई
उत्तम साहू,धमतरी। धमतरी पुलिस परिवार के लिए शुक्रवार का दिन भावुक और गौरवपूर्ण रहा। पुलिस विभाग में वर्षों तक ईमानदारी, कर्तव्यनिष्ठा और समर्पण के साथ सेवाएं देने वाले निरीक्षक रामकिशुन अग्निवंशी एवं सहायक उप निरीक्षक (एएसआई) देवनाथ सिन्हा के सेवानिवृत्त होने पर पुलिस कार्यालय में सम्मान समारोह आयोजित कर उन्हें भावभीनी विदाई दी गई।
समारोह में पुलिस अधीक्षक श्रीमती भावना पांडेय ने दोनों अधिकारियों के दीर्घ एवं उत्कृष्ट सेवाकाल की सराहना करते हुए कहा कि "सरकारी सेवा की अवधि सीमित होती है, लेकिन ईमानदारी, समर्पण और जिम्मेदारी के साथ किया गया कार्य हमेशा लोगों के दिलों में जीवित रहता है।" उन्होंने कहा कि दोनों अधिकारियों ने कठिन परिस्थितियों में भी अपने दायित्वों का पूरी निष्ठा से निर्वहन कर विभाग की गरिमा बढ़ाई है।
करीब 39 वर्ष तक निभाई पुलिस सेवा
निरीक्षक रामकिशुन अग्निवंशी ने 1 फरवरी 1987 को आरक्षक के रूप में पुलिस विभाग में अपनी सेवा शुरू की थी। लगभग 39 वर्ष 5 माह 30 दिन की सेवा के दौरान उन्होंने जगदलपुर, दंतेवाड़ा, बीजापुर, दुर्ग, कबीरधाम (कवर्धा), राजनांदगांव और धमतरी सहित विभिन्न जिलों में अपनी सेवाएं दीं। अपने उत्कृष्ट कार्य के बल पर वे पदोन्नति प्राप्त करते हुए निरीक्षक के पद तक पहुंचे।
36 वर्ष से अधिक की सेवा के बाद एएसआई देवनाथ सिन्हा भी हुए सेवानिवृत्त
सहायक उप निरीक्षक देवनाथ सिन्हा (काटेन्द्र) ने 9 अक्टूबर 1989 को आरक्षक के रूप में पुलिस विभाग में प्रवेश किया था। उन्होंने लगभग 36 वर्ष 9 माह 22 दिन की सेवा के दौरान दंतेवाड़ा, कांकेर, धमतरी और बालोद सहित विभिन्न जिलों में अपनी जिम्मेदारियां निभाईं तथा पदोन्नति प्राप्त कर सहायक उप निरीक्षक के पद तक पहुंचे।
भावभीनी विदाई, उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं
विदाई समारोह में पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों ने दोनों सेवानिवृत्त अधिकारियों के साथ बिताए अनुभव साझा किए और उनके योगदान को याद करते हुए स्वस्थ, सुखद एवं मंगलमय भविष्य की कामना की। दोनों अधिकारियों ने भी अपने लंबे सेवाकाल के अनुभव साझा करते हुए धमतरी पुलिस परिवार द्वारा मिले सम्मान और स्नेह के लिए आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शैलेंद्र कुमार पांडेय, उप पुलिस अधीक्षक यशकरण दीप ध्रुव सहित पुलिस कार्यालय के अधिकारी-कर्मचारी एवं दोनों अधिकारियों के परिजन उपस्थित रहे।
धमतरी पुलिस ने संदेश दिया कि "सेवा समाप्त नहीं होती, केवल जिम्मेदारी का स्वरूप बदलता है। वर्दी से विदाई हो सकती है, लेकिन कर्तव्य और सेवाभाव की पहचान सदैव जीवित रहती है।"

