नाइट ड्यूटी पर जा रहे मंडी कर्मचारी की दर्दनाक मौत, दो बाइकों की आमने-सामने भिड़ंत में बुझ गया घर का चिराग

0

 

नाइट ड्यूटी पर जा रहे मंडी कर्मचारी की दर्दनाक मौत, दो बाइकों की आमने-सामने भिड़ंत में बुझ गया घर का चिराग

कुरमातराई के पास हुआ भीषण सड़क हादसा, दो अन्य घायल; पुलिस ने शुरू की जांच



उत्तम साहू,धमतरी। अर्जुनी थाना क्षेत्र के ग्राम कुरमातराई के पास गुरुवार देर शाम हुए भीषण सड़क हादसे में धमतरी कृषि उपज मंडी के एक कर्मचारी की दर्दनाक मौत हो गई। नाइट ड्यूटी के लिए जा रहे मंडी कर्मचारी की बाइक सामने से आ रही दूसरी मोटरसाइकिल से टकरा गई। हादसा इतना जबरदस्त था कि दोनों वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए और तीनों सवार सड़क पर जा गिरे। दुर्घटना में दो अन्य लोग घायल हुए हैं, जिनका उपचार जिला अस्पताल में जारी है।

मिली जानकारी के अनुसार, भठेली निवासी मिथिलेश कोसरिया धमतरी कृषि उपज मंडी में चपरासी के पद पर कार्यरत थे। गुरुवार रात वे अपनी ड्यूटी के लिए मोटरसाइकिल से धमतरी मंडी जा रहे थे। इसी दौरान ग्राम कुरमातराई के पास सामने से आ रही एक अन्य बाइक से उनकी आमने-सामने की जोरदार टक्कर हो गई।

हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास के ग्रामीण तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे और घायलों की सहायता करते हुए पुलिस तथा एंबुलेंस को सूचना दी। गंभीर रूप से घायल मिथिलेश को जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने परीक्षण के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। दूसरी बाइक पर सवार दोनों घायलों का इलाज जारी है।

मंडी कर्मचारी के असमय निधन की खबर मिलते ही परिवार में मातम छा गया। कृषि उपज मंडी के कर्मचारियों और उनके परिचितों में भी शोक की लहर दौड़ गई। शुक्रवार को पोस्टमार्टम की कार्रवाई पूरी होने के बाद पुलिस ने शव परिजनों को सौंप दिया।

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डीसी पटेल ने बताया कि दो मोटरसाइकिलों की आमने-सामने हुई टक्कर में एक व्यक्ति की मौत हुई है, जबकि दो लोग घायल हुए हैं। पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में आमने-सामने की भिड़ंत की पुष्टि हुई है, वहीं हादसे के वास्तविक कारणों का खुलासा विस्तृत जांच के बाद होगा।

Post a Comment

0Comments

Please Select Embedded Mode To show the Comment System.*

#buttons=(Accept !) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Learn More
Accept !