सुखराम नागे महाविद्यालय को मिली 50 लाख की नई सौगात, अतिरिक्त कक्ष भवन का हुआ लोकार्पण
प्रभारी मंत्री टंक राम वर्मा ने कहा– मजबूत अधोसंरचना और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा से तैयार होंगे प्रदेश के भविष्य के नागरिक
उत्तम साहू
नगरी/धमतरी। नगरी क्षेत्र में उच्च शिक्षा को नई दिशा देते हुए प्रदेश के राजस्व, आपदा प्रबंधन, पुनर्वास एवं उच्च शिक्षा मंत्री तथा धमतरी जिले के प्रभारी मंत्री टंक राम वर्मा ने शुक्रवार को शासकीय सुखराम नागे महाविद्यालय में लगभग 50 लाख रुपये की लागत से निर्मित अतिरिक्त कक्ष भवन का लोकार्पण किया। इस अवसर पर उन्होंने नगर पंचायत क्षेत्र के विभिन्न विकास कार्यों का शिलान्यास भी किया।
कार्यक्रम के दौरान मंत्री श्री वर्मा ने महाविद्यालय परिसर में पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया तथा महाविद्यालय की वार्षिक साहित्यिक एवं शैक्षणिक पत्रिका ‘श्रेष्ठांश’ का विमोचन भी किया।
अपने संबोधन में मंत्री श्री वर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में राज्य सरकार ग्रामीण और आदिवासी अंचलों तक गुणवत्तापूर्ण उच्च शिक्षा पहुंचाने के लिए लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि आधुनिक अधोसंरचना, बेहतर संसाधन और अनुकूल शैक्षणिक वातावरण विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए अत्यंत आवश्यक हैं। नव निर्मित अतिरिक्त कक्ष भवन से विद्यार्थियों को अध्ययन, सेमिनार, शैक्षणिक गतिविधियों एवं सह-पाठ्यक्रम कार्यक्रमों के संचालन में बेहतर सुविधाएं मिलेंगी।
उन्होंने विद्यार्थियों से अनुशासन, परिश्रम और नवाचार की भावना के साथ आगे बढ़ने का आह्वान करते हुए कहा कि आज के विद्यार्थी ही कल के जिम्मेदार नागरिक और राष्ट्र निर्माण की मजबूत नींव हैं। सफलता निरंतर प्रयास, समर्पण और सकारात्मक सोच से ही प्राप्त होती है।
पर्यावरण संरक्षण पर जोर देते हुए मंत्री श्री वर्मा ने कहा कि प्रत्येक नागरिक को कम से कम एक पौधा लगाकर उसके संरक्षण का संकल्प लेना चाहिए, ताकि आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ और हरित वातावरण मिल सके।
कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष अरुण सार्वा, जनपद पंचायत नगरी अध्यक्ष महेश गोटा, पूर्व विधायक पिंकी ध्रुव, श्रवण मरकाम, प्रकाश बैस सहित अनेक जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। महाविद्यालय परिवार ने अतिथियों का स्वागत किया। इस अवसर पर अधिकारी-कर्मचारी, प्राध्यापक, छात्र-छात्राएं एवं बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।


