बारिश का कहर: एक दिन में तीन लोग लापता, मछली पकड़ने गया ग्रामीण मिला मृत, 9 वर्षीय बालक सहित एक की तलाश जारी

0

 

बारिश का कहर: एक दिन में तीन लोग लापता, मछली पकड़ने गया ग्रामीण मिला मृत, 9 वर्षीय बालक सहित एक की तलाश जारी

उफनते एनीकट और नदी-नालों ने बढ़ाई चिंता, पुलिस ने लोगों से बरसात में सतर्क रहने की अपील की



उत्तम साहू 

नगरी। नगरी विकासखंड में लगातार हुई बारिश अब जानलेवा साबित होने लगी है। 28 जुलाई को अलग-अलग घटनाओं में तीन लोगों के लापता होने से पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई। इनमें मछली पकड़ने गए एक ग्रामीण का शव तीन दिन बाद बरामद कर लिया गया है, जबकि दूसरे ग्रामीण और 9 वर्षीय एक मासूम का अब तक कोई सुराग नहीं मिल पाया है। पुलिस और ग्रामीण लगातार उनकी तलाश में जुटे हुए हैं।

जानकारी के अनुसार, घोटगांव निवासी धनराज तेता (48) अपने साथियों के साथ साहनीखार एनीकट में मछली पकड़ने गए थे। इसी दौरान तेज बहाव में उनका संतुलन बिगड़ गया और वे पानी में बह गए। घटना के तीन दिन बाद सिहावा पुलिस ने उनका शव बरामद किया।

इसी एनीकट में फरसिया निवासी गुलाल पहरिया (35) भी मछली पकड़ने के दौरान लापता हो गए। साथियों और ग्रामीणों ने काफी खोजबीन की, लेकिन अब तक उनका कोई पता नहीं चल सका है।

दूसरी ओर, सिरसिदा गांव निवासी 9 वर्षीय निकेतन साहू स्कूल से घर लौटने के बाद शाम को घर से निकला था, लेकिन वापस नहीं लौटा। परिजनों ने रिश्तेदारों और आसपास के गांवों में उसकी तलाश की, लेकिन सफलता नहीं मिली। इसके बाद सिहावा थाना में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई गई।

सिहावा थाना पुलिस ने सभी मामलों में जांच शुरू कर दी है। लगातार बारिश के कारण क्षेत्र के नदी-नाले और एनीकट उफान पर हैं, जिससे हादसों का खतरा लगातार बढ़ गया है। एक ही दिन तीन लोगों के लापता होने की घटनाओं ने पूरे क्षेत्र में चिंता का माहौल बना दिया है।

पुलिस और स्थानीय प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि बरसात के दौरान उफनते नदी-नालों, एनीकटों और जलभराव वाले क्षेत्रों के पास जाने से बचें तथा किसी भी तरह का जोखिम न उठाएं।

Post a Comment

0Comments

Please Select Embedded Mode To show the Comment System.*

#buttons=(Accept !) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Learn More
Accept !