⛈️ छत्तीसगढ़ में बारिश का 'डबल अटैक', अगले 48 घंटे भारी! तेज हवा और बिजली गिरने का भी अलर्ट
रायपुर, 29 जुलाई। छत्तीसगढ़ में फिलहाल बारिश से राहत मिलने के आसार नहीं हैं। मौसम विभाग के अनुसार अगले दो दिनों तक प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में अच्छी बारिश होगी, जबकि कई जिलों में भारी वर्षा, तेज आंधी और आकाशीय बिजली गिरने की संभावना जताई गई है। राजधानी रायपुर समेत कई इलाकों में मंगलवार देर रात तक झमाझम बारिश हुई, जिससे मौसम सुहावना हो गया।
मौसम विभाग के अनुसार उत्तर तटीय ओडिशा और उससे लगे गंगेटिक पश्चिम बंगाल के ऊपर बना गहरा अवदाब उत्तर-पश्चिम दिशा में बढ़ रहा है। अगले 24 घंटों में इसके उत्तर ओडिशा, दक्षिण झारखंड और उत्तर छत्तीसगढ़ तक पहुंचने की संभावना है। इसी सिस्टम के प्रभाव से प्रदेश में बारिश की गतिविधियां तेज बनी रहेंगी।
प्रदेश में अब तक सामान्य से 18 प्रतिशत कम मौसमी वर्षा दर्ज की गई है, लेकिन आने वाले दिनों की बारिश से इसकी भरपाई होने की उम्मीद है।
⚠️ इन जिलों में भारी बारिश और तेज हवा का अलर्ट
अगले 24 घंटों के दौरान महासमुंद, बलौदाबाजार, जांजगीर-चांपा, रायगढ़, बिलासपुर, बेमेतरा और मुंगेली जिलों में मेघ गर्जन, आकाशीय बिजली, 60 से 80 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं और भारी बारिश की संभावना है।
वहीं धमतरी, कांकेर, बालोद, राजनांदगांव, गरियाबंद, रायपुर, कोरबा, जशपुर, दुर्ग, कबीरधाम, सरगुजा, सूरजपुर, कोरिया, बलरामपुर सहित कई जिलों में 40 से 60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा, गरज-चमक और बारिश का अलर्ट जारी किया गया है।
🌧️ रायपुर का मौसम
राजधानी रायपुर में पिछले 24 घंटे में 5 सेंटीमीटर बारिश दर्ज की गई। बुधवार को भी दिनभर आसमान में बादल छाए रहने, गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना है। अधिकतम तापमान 27°C और न्यूनतम 23°C के आसपास रहने का अनुमान है।
अपील: मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान खुले मैदान, पेड़ों और बिजली के खंभों से दूर रहने तथा आवश्यक होने पर ही घर से बाहर निकलने की सलाह दी है।

