रातभर हुई झमाझम बारिश से नदी-नाले उफान पर, सेमरा में मछली पकड़ने गए युवक की डूबने से मौत की खबर
उत्तम साहू
नगरी, 29 जुलाई 2026। नगरी क्षेत्र में आशाढ़ माह के अंतिम दिन हुई मूसलाधार बारिश ने जनजीवन को प्रभावित कर दिया। रातभर रुक-रुककर हुई तेज बारिश से नदी-नाले उफान पर हैं और कई स्थानों पर जलस्तर तेजी से बढ़ गया है। लंबे समय से प्रतीक्षित अच्छी बारिश से किसानों के चेहरों पर खुशी जरूर लौटी है और कृषि कार्यों में तेजी आई है, लेकिन दूसरी ओर लगातार हो रही बारिश ने लोगों की चिंता भी बढ़ा दी है।
तेज बारिश के चलते महानदी और बालका नदी का जलस्तर बढ़ गया है। कर्णेश्वर घाट स्थित बालका-महानदी संगम पर बने एनिकट के ऊपर से पानी बहने लगा है। इसके बावजूद एक वाहन चालक द्वारा जान जोखिम में डालकर पानी से लबालब भरे एनिकट को पार करने का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में वाहन तेज बहाव के बीच एनिकट पार करता दिखाई दे रहा है, जिसे देखकर लोग हैरानी जता रहे हैं। मौके पर मौजूद किसी व्यक्ति ने इस खतरनाक दृश्य को अपने मोबाइल कैमरे में कैद कर लिया, जो अब सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ है।
इधर, नगरी विकासखंड के ग्राम सेमरा से भी एक दुखद खबर सामने आई है। जानकारी के अनुसार मछली पकड़ने गए एक युवक की डूबने से मौत हो गई। हालांकि समाचार लिखे जाने तक प्रशासन की ओर से घटना की आधिकारिक पुष्टि और विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई थी।
लगातार हो रही बारिश के बीच प्रशासन ने लोगों से विशेष सतर्कता बरतने की अपील की है। उफनते नदी-नालों, पुल-पुलियों और एनिकटों पर बह रहे पानी के दौरान किसी भी प्रकार का जोखिम न उठाने की सलाह दी गई है। प्रशासन का कहना है कि थोड़ी सी लापरवाही भी बड़े हादसे का कारण बन सकती है, इसलिए जलमग्न मार्गों को पार करने से बचें और सुरक्षित स्थानों पर ही रहें।

