धमतरी पुलिस का नशे के कारोबार पर बड़ा प्रहार, छह माह में 59 तस्कर गिरफ्तार

0


धमतरी पुलिस का नशे के कारोबार पर बड़ा प्रहार, छह माह में 59 तस्कर गिरफ्तार

5.70 करोड़ की संपत्ति जब्त, 980 किलो गांजा और 72.9 ग्राम हेरोइन बरामद; अंतरराज्यीय तस्करी नेटवर्क पर लगातार कार्रवाई



उत्तम साहू 

धमतरी, 4 जुलाई। जिले में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ धमतरी पुलिस ने वर्ष 2026 के पहले छह महीनों (जनवरी से जून) में रिकॉर्ड स्तर की कार्रवाई करते हुए एनडीपीएस एक्ट के 29 मामलों में 59 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इस दौरान पुलिस ने करीब 980 किलोग्राम गांजा और 72.9 ग्राम हेरोइन (चिट्टा) जब्त की है, जिसकी अनुमानित कीमत 5 करोड़ 10 लाख रुपये आंकी गई है। तस्करी में प्रयुक्त 8 कार, 1 पिकअप और 11 मोटरसाइकिल सहित कुल 60 लाख रुपये के वाहन भी जब्त किए गए हैं। इस तरह मादक पदार्थों और वाहनों सहित लगभग 5 करोड़ 70 लाख रुपये की संपत्ति पुलिस ने जब्त की है।

पुलिस अधीक्षक सूरज सिंह परिहार के निर्देशन में जिले में अवैध मादक पदार्थों, शराब, जुआ, सट्टा और अन्य आपराधिक गतिविधियों के विरुद्ध लगातार विशेष अभियान चलाया जा रहा है। युवाओं को नशे से बचाने और अंतरराज्यीय गांजा तस्करी पर रोक लगाने के उद्देश्य से धमतरी-ओडिशा सीमा के बोरई, कुन्दई (नबरंगपुर) तथा विश्रामपुरी (कोंडागांव) ट्राई-जंक्शन क्षेत्र में रणनीतिक चेक पोस्ट स्थापित कर सघन वाहन जांच की जा रही है। एसपी परिहार स्वयं इन चेक पोस्टों का निरीक्षण कर अभियान की निगरानी कर रहे हैं।

गांजा तस्करों पर सबसे बड़ी कार्रवाई

पिछले छह महीनों में गांजा तस्करी के 23 मामलों में 50 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने करीब 980 किलोग्राम गांजा जब्त किया, जिसकी अनुमानित कीमत 5 करोड़ रुपये है। तस्करी में प्रयुक्त 6 कार, 1 पिकअप और 8 मोटरसाइकिल भी जब्त की गईं, जिनकी कीमत करीब 51 लाख रुपये बताई गई है।

हेरोइन तस्करी के छह मामले उजागर

हेरोइन (चिट्टा) के खिलाफ दर्ज 6 मामलों में 9 आरोपियों को गिरफ्तार कर 72.9 ग्राम हेरोइन जब्त की गई। इसकी अनुमानित कीमत 12.74 लाख रुपये है। कार्रवाई के दौरान 2 कार और 3 मोटरसाइकिल भी जब्त की गईं।

रिकॉर्ड स्तर की कार्रवाई, पहली बार SAFEMA के तहत संपत्ति राजसात

धमतरी पुलिस के अनुसार वर्ष 2024 और 2025 के पहले छह महीनों की तुलना में 2026 में एनडीपीएस एक्ट के तहत सर्वाधिक कार्रवाई दर्ज की गई है। इसके साथ ही जिले में पहली बार SAFEMA के तहत दो मामलों में नशा तस्करों की करीब 36 लाख रुपये की संपत्ति राजसात की गई है।

'ऑपरेशन निश्चय' से अपराधियों में खौफ

पुलिस का विशेष अभियान 'ऑपरेशन निश्चय' लगातार प्रभावी साबित हो रहा है। अब तक इसके चार चरणों में अवैध गांजा और शराब के खिलाफ कार्रवाई, आर्म्स एक्ट के मामलों में गिरफ्तारी, वारंटों की तामील, जिला बदर आरोपियों की धरपकड़ तथा गुंडा-बदमाशों की परेड आयोजित कर कानून व्यवस्था बनाए रखने की कड़ी चेतावनी दी गई है।

हाइलाइट्स

  • 29 एनडीपीएस प्रकरणों में 59 आरोपी गिरफ्तार
  • 980 किलो गांजा और 72.9 ग्राम हेरोइन जब्त
  • मादक पदार्थों की कीमत 5.10 करोड़ रुपये
  • 8 कार, 1 पिकअप और 11 बाइक जब्त
  • कुल 5.70 करोड़ रुपये की संपत्ति जब्त
  • SAFEMA के तहत पहली बार 36 लाख की संपत्ति राजसात

Post a Comment

0Comments

Please Select Embedded Mode To show the Comment System.*

#buttons=(Accept !) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Learn More
Accept !