मुख्यमंत्री जवाहर उत्कर्ष योजना: कक्षा 6वीं प्रवेश के लिए प्राक्चयन परीक्षा संपन्न
121 पात्र विद्यार्थियों में से 91 हुए शामिल, शांतिपूर्ण माहौल में हुई परीक्षा
उत्तम साहू,धमतरी, 05 जुलाई 2026। मुख्यमंत्री अनुसूचित जाति एवं जनजाति जवाहर उत्कर्ष योजना के तहत शैक्षणिक सत्र 2026-27 में कक्षा छठवीं में प्रवेश के लिए रविवार को प्राक्चयन परीक्षा सफलतापूर्वक संपन्न हुई। परीक्षा का आयोजन स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट आवासीय विद्यालय, गोकुलपुर (धमतरी) में दोपहर 12 बजे से 2 बजे तक शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित वातावरण में किया गया।
जिला प्रशासन के अनुसार प्रवेश परीक्षा के लिए कुल 121 विद्यार्थी पात्र थे, जिनमें से 91 विद्यार्थियों ने परीक्षा दी, जबकि 30 विद्यार्थी अनुपस्थित रहे। परीक्षा के दौरान सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गईं और निर्धारित दिशा-निर्देशों का पूर्ण पालन किया गया।
गौरतलब है कि मुख्यमंत्री अनुसूचित जाति एवं जनजाति जवाहर उत्कर्ष योजना का उद्देश्य अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति वर्ग के मेधावी विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण आवासीय शिक्षा उपलब्ध कराना तथा उन्हें उत्कृष्ट एवं प्रतिस्पर्धी शैक्षणिक वातावरण प्रदान करना है। योजना के माध्यम से विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास और उनकी शैक्षणिक प्रतिभा को निखारने का अवसर मिलता है।
परीक्षा परिणाम एवं प्रवेश से संबंधित आगामी प्रक्रिया निर्धारित समय-सारिणी के अनुसार पूरी की जाएगी। इसकी जानकारी संबंधित विद्यार्थियों एवं अभिभावकों को पृथक रूप से उपलब्ध कराई जाएगी।

