एसपी के निर्देश पर धमतरी पुलिस की बड़ी कार्रवाई, कुरूद में 6 जुआरी गिरफ्तार
ताश पर लग रहे थे हजारों रुपये के दांव, 29,300 रुपये का मशरूका जब्त, जुआ प्रतिषेध अधिनियम के तहत मामला दर्ज
उत्तम साहू,धमतरी। जिले में जुआ, सट्टा एवं अन्य अवैध गतिविधियों के विरुद्ध धमतरी पुलिस का अभियान लगातार जारी है। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर थाना कुरूद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए नया बाजार स्थित सुलभ शौचालय के पास जुआ खेल रहे छह लोगों को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 18,300 रुपये नकद, पांच मोबाइल फोन, 52 पत्ती ताश सहित कुल लगभग 29,300 रुपये का मशरूका जब्त किया गया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार थाना कुरूद को मुखबिर से सूचना मिली थी कि नया बाजार क्षेत्र में कुछ लोग ताश के पत्तों पर हार-जीत का दांव लगाकर जुआ खेल रहे हैं। सूचना की पुष्टि के बाद पुलिस टीम ने तत्काल घेराबंदी कर मौके पर दबिश दी और छह आरोपियों को जुआ खेलते हुए पकड़ लिया।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने मौके से 18,300 रुपये नकद, करीब 11,000 रुपये मूल्य के पांच मोबाइल फोन तथा 52 पत्ती ताश जब्त किए। सभी आरोपियों के विरुद्ध छत्तीसगढ़ जुआ (प्रतिषेध) अधिनियम, 2022 की धारा 3(2) के तहत अपराध दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की गई है।
गिरफ्तार आरोपी राजू साहू (25), प्रदीप सिंघा (38), करण निर्मलकर (28), अनुज शर्मा (38), सागर पुरेना (32) और सेवकराम साहू (50) निवासी कुरूद क्षेत्र के हैं।
धमतरी पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में जुआ, सट्टा एवं अन्य अवैध गतिविधियों के विरुद्ध अभियान लगातार जारी रहेगा। ऐसे अवैध कारोबार में संलिप्त पाए जाने वाले व्यक्तियों के खिलाफ भविष्य में भी सख्त एवं निरंतर कार्रवाई की जाएगी।

