80 वर्ष से अधिक आयु के वरिष्ठ नागरिकों को सहायक सहित निःशुल्क बस यात्रा

0

 

80 वर्ष से अधिक आयु के वरिष्ठ नागरिकों को सहायक सहित निःशुल्क बस यात्रा

परिवहन विभाग ने योजना के व्यापक प्रचार-प्रसार और प्रभावी क्रियान्वयन के दिए निर्देश



उत्तम साहू 

धमतरी, 24 जुलाई 2026। राज्य शासन ने वरिष्ठ नागरिकों के सम्मान, सुविधा और सामाजिक सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए 80 वर्ष एवं उससे अधिक आयु के वरिष्ठ नागरिकों को एक सहायक सहित पात्र यात्री बसों में निःशुल्क यात्रा की सुविधा प्रदान की है। योजना का लाभ अधिक से अधिक पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाने के लिए परिवहन विभाग ने इसके व्यापक प्रचार-प्रसार और प्रभावी क्रियान्वयन के निर्देश जारी किए हैं।

कार्यालय परिवहन आयुक्त, छत्तीसगढ़ के निर्देशानुसार जिले के बस स्टैंड, यात्री प्रतीक्षालय, बसों और अन्य प्रमुख सार्वजनिक स्थलों पर योजना का प्रचार-प्रसार किया जाएगा। इसका उद्देश्य पात्र वरिष्ठ नागरिकों को योजना की जानकारी समय पर उपलब्ध कराना है, ताकि वे बिना किसी परेशानी के इस सुविधा का लाभ उठा सकें।

परिवहन विभाग ने सभी संबंधित अधिकारियों और बस संचालकों को योजना का गंभीरता और संवेदनशीलता के साथ पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। 80 वर्ष एवं उससे अधिक आयु के प्रत्येक पात्र वरिष्ठ नागरिक को उनके एक सहायक सहित निःशुल्क यात्रा की सुविधा उपलब्ध कराने तथा यात्रा के दौरान उनके साथ सम्मानजनक व्यवहार करने पर जोर दिया गया है।

इसके अलावा, योजना से संबंधित किसी भी शिकायत या कठिनाई का त्वरित एवं प्रभावी निराकरण करने के निर्देश भी दिए गए हैं, ताकि वरिष्ठ नागरिकों को अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े। योजना के प्रचार-प्रसार और क्रियान्वयन की प्रगति संबंधी जानकारी भी निर्धारित समय-सीमा में उपलब्ध कराने को कहा गया है।

राज्य शासन का उद्देश्य वरिष्ठ नागरिकों को गरिमापूर्ण, सुरक्षित और सुगम सार्वजनिक परिवहन सुविधा उपलब्ध कराना है। यह पहल वरिष्ठजनों के प्रति सम्मान और संवेदनशीलता की भावना को मजबूत करने के साथ-साथ उनके आवश्यक आवागमन को भी आसान बनाएगी। शासन ने सभी पात्र वरिष्ठ नागरिकों से इस जनहितकारी सुविधा का अधिकाधिक लाभ उठाने की अपील की है।

Post a Comment

0Comments

Please Select Embedded Mode To show the Comment System.*

#buttons=(Accept !) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Learn More
Accept !