CMHO डॉ. यू.एल. कौशिक ने रिसगांव उप स्वास्थ्य केंद्र का किया औचक निरीक्षण
मलेरिया-डायरिया नियंत्रण, संस्थागत प्रसव, टीकाकरण और आपातकालीन सेवाओं की ली जानकारी
उत्तम साहू,नगरी, 24 जुलाई 2026। विकासखंड नगरी के वनांचल क्षेत्र रिसगांव में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (CMHO) डॉ. यू.एल. कौशिक ने शुक्रवार को उप स्वास्थ्य केंद्र का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने स्वास्थ्य केंद्र में उपलब्ध स्वास्थ्य सेवाओं, दवाइयों और आपातकालीन व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान CMHO ने मौसमी बीमारियों, विशेषकर मलेरिया और डायरिया की रोकथाम एवं नियंत्रण को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में आने वाले प्रत्येक बुखार के मरीज की अनिवार्य रूप से मलेरिया जांच की जाए। साथ ही, स्वास्थ्य केंद्र में आवश्यक जीवनरक्षक दवाइयों की उपलब्धता की भी जानकारी ली।
संस्थागत प्रसव और HRP की समीक्षा
डॉ. कौशिक ने स्वास्थ्य केंद्र में अब तक हुए 5 संस्थागत प्रसव तथा उच्च जोखिम गर्भावस्था (HRP) की स्थिति की समीक्षा की। उन्होंने नियमित टीकाकरण कार्यक्रम की प्रगति और संबंधित दस्तावेजों का भी निरीक्षण किया।
आपातकालीन सेवाओं के तहत केंद्र में सर्पदंश के उपचार के लिए एंटी स्नेक वेनम की उपलब्धता की पुष्टि की गई। इसके अलावा गंभीर मरीजों के त्वरित रेफरल के लिए एम्बुलेंस सेवा की कार्यशीलता का भी जायजा लिया गया।
निरीक्षण के दौरान खंड चिकित्सा अधिकारी (BMO) डॉ. डी.एन. सोम एवं खंड कार्यक्रम प्रबंधक (BPM) हितेंद्र साहू उपस्थित रहे। उप स्वास्थ्य केंद्र रिसगांव में ग्रामीण चिकित्सा सहायक (RMA) दुर्गेश साहू और सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी (CHO) ज्योति उपस्थित पाए गए। द्वितीय एएनएम श्रीमती सेतु नंदनी नियमित टीकाकरण कार्य के लिए फील्ड में कार्यरत थीं, जबकि एम्बुलेंस चालक अगस्त कामड़े ड्यूटी पर उपस्थित रहे।

