नगरी के पीएम श्री स्कूल में धमतरी पुलिस का जागरूकता अभियान
विद्यार्थियों को नशे से दूर रहने और यातायात नियमों का पालन करने दिलाई शपथ
उत्तम साहू,नगरी। पुलिस अधीक्षक धमतरी श्रीमती भावना पांडेय के निर्देशन में जिले में नशामुक्त समाज के निर्माण और सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने के उद्देश्य से पुलिस द्वारा लगातार जनजागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में धमतरी पुलिस यातायात टीम ने पीएम श्री शासकीय श्रृंगी ऋषि उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम हाई स्कूल, नगरी में नशामुक्ति एवं यातायात जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया।
कार्यक्रम में विद्यार्थियों को “नशे से इंकार, सुरक्षित यातायात से प्यार” का संदेश देते हुए जिम्मेदार नागरिक बनने के लिए प्रेरित किया गया। यातायात प्रभारी उप निरीक्षक खेमराज साहू ने विद्यार्थियों को नशे के दुष्प्रभावों की जानकारी देते हुए कहा कि नशा व्यक्ति के स्वास्थ्य के साथ-साथ उसके परिवार, शिक्षा, भविष्य और पूरे समाज को प्रभावित करता है। उन्होंने विद्यार्थियों से नशे एवं गलत संगति से दूर रहने तथा अपने परिवार और समाज को भी जागरूक करने का आह्वान किया।
इस दौरान सड़क सुरक्षा को लेकर विद्यार्थियों को हेलमेट और सीट बेल्ट के उपयोग, वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का उपयोग नहीं करने, निर्धारित गति सीमा का पालन करने, यातायात संकेतों एवं सिग्नलों का सम्मान करने तथा नाबालिगों को वाहन नहीं चलाने की समझाइश दी गई। साथ ही ओवरलोडिंग, स्टंटबाजी और शराब अथवा नशीले पदार्थों के सेवन के बाद वाहन चलाने से होने वाले खतरों के बारे में भी जानकारी दी गई।
विद्यार्थियों को सुरक्षित तरीके से सड़क पार करने, जेब्रा क्रॉसिंग का उपयोग करने, दुर्घटना की स्थिति में तत्काल पुलिस एवं आपातकालीन सेवाओं को सूचना देने तथा साइबर अपराधों से बचाव के संबंध में भी जागरूक किया गया। सोशल मीडिया का जिम्मेदारीपूर्वक उपयोग करने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना पुलिस को देने की अपील की गई।
कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए नशामुक्ति और यातायात नियमों से जुड़े सवाल पूछे, जिनका पुलिस अधिकारियों ने सरल एवं व्यवहारिक उदाहरणों के माध्यम से जवाब दिया। इस अवसर पर विद्यार्थियों को यातायात नियमों का पालन करने, नशे से दूर रहने और समाज में जागरूकता फैलाने का संकल्प भी दिलाया गया।
कार्यक्रम में विद्यालय के प्राचार्य एस.के. प्रजापति, यातायात प्रभारी उप निरीक्षक खेमराज साहू, सहायक उप निरीक्षक रामकृष्ण साहू, सहायक उप निरीक्षक मोहन निषाद, आरक्षक राजीव साहू सहित यातायात पुलिस का स्टाफ, शिक्षकगण एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
धमतरी पुलिस ने कहा कि युवा पीढ़ी को सुरक्षित और जिम्मेदार भविष्य की ओर प्रेरित करने के लिए जिले के विभिन्न विद्यालयों एवं महाविद्यालयों में ऐसे जागरूकता कार्यक्रम आगे भी लगातार आयोजित किए जाएंगे।


