नगरी..नवागांव-सांकरा मार्ग पर आमने-सामने भिड़ीं दो बाइकें, 92 वर्षीय बुजुर्ग का पैर टूटा
नाती समेत दो बाइक सवार घायल, हादसे के बाद मौके पर मची अफरा-तफरी
उत्तम साहू 24 जुलाई
नगरी/सांकरा। नवागांव-सांकरा मार्ग पर शुक्रवार को दो मोटरसाइकिलों के बीच हुई आमने-सामने की जोरदार भिड़ंत में 92 वर्षीय बुजुर्ग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे में बुजुर्ग का पैर फ्रैक्चर हो गया, जबकि उनके साथ बाइक पर सवार नाती और दूसरी मोटरसाइकिल का चालक भी घायल हुआ है।
जानकारी के अनुसार सांकरा निवासी मेहरू राम सोरी (92), पिता केजुराम सोरी अपने 18 वर्षीय नाती नंदकिशोर के साथ मोटरसाइकिल से महुआबाहरा की ओर जा रहे थे। इसी दौरान नवागांव के पास सामने से आ रही पल्सर मोटरसाइकिल से उनकी बाइक की जोरदार टक्कर हो गई। पल्सर को खल्लारी निवासी दीपक कुंजाम (18), पिता प्रहलाद कुंजाम चला रहा था।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि मेहरू राम सोरी का पैर बुरी तरह फ्रैक्चर हो गया। वहीं बाइक चला रहे उनके नाती नंदकिशोर को भी चोटें आईं। दूसरी बाइक सवार दीपक कुंजाम भी हादसे में गंभीर रूप से घायल हो गया।
दुर्घटना के बाद घटनास्थल पर कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए घायलों की मदद की और उन्हें उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। हादसा किस कारण हुआ, इसका पता लगाया जा रहा है।

