सांकरा-मेचका मार्ग पर पलटी पिकअप, सड़क पर बिखरा बाजार का सामान; बड़ा हादसा टला
लिलांज पुल के आगे मोड़ पर अनियंत्रित हुआ वाहन, पुलिस ने मौके पर पहुंचकर यातायात कराया बहाल
उत्तम साहू
नगरी/6 जुलाई ,धमतरी-मेचका मुख्य मार्ग पर रविवार को एक पिकअप वाहन अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसा सांकरा के पास लिलांज पुल से आगे एक मोड़ पर हुआ। राहत की बात यह रही कि दुर्घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई, हालांकि वाहन में लदा बाजार का सामान सड़क पर बिखर जाने से कुछ समय तक यातायात प्रभावित रहा।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, पिकअप धमतरी से बाजार का सामान लेकर मैनपुर की ओर जा रहा था। लिलांज पुल के आगे मोड़ पर चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा, जिससे पिकअप सड़क पर पलट गई। दुर्घटना के बाद वाहन में रखा पूरा सामान सड़क पर फैल गया और मार्ग पर वाहनों की आवाजाही बाधित हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही मेचका थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने तत्काल यातायात को सुचारु कराया और पलटे हुए वाहन को हटाने की कार्रवाई शुरू कर दी।
प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि वाहन में अधिक सामान लदा होने तथा मोड़ पर तेज रफ्तार के कारण चालक संतुलन नहीं बना सका, जिससे यह हादसा हुआ। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

