तिलक, पुस्तक और न्योता भोज के साथ मनाया गया प्रवेश उत्सव, नवप्रवेशी विद्यार्थियों का हुआ आत्मीय स्वागत
उत्तम साहू
कांकेर, 08 जुलाई 2026। शासकीय प्राथमिक एवं पूर्व माध्यमिक शाला टिकरापारा-राजापारा, कांकेर में नए शिक्षा सत्र के अवसर पर प्रवेश उत्सव हर्षोल्लास और उत्साहपूर्ण वातावरण में मनाया गया। कार्यक्रम में नवप्रवेशी विद्यार्थियों का तिलक लगाकर एवं पुष्प भेंट कर आत्मीय स्वागत किया गया। साथ ही उन्हें निःशुल्क पाठ्यपुस्तकें और गणवेश वितरित किए गए तथा मिठाई खिलाकर उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी गईं। इस अवसर पर आयोजित न्योता भोज में विद्यार्थियों, पालकों, जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
प्रवेश उत्सव का आयोजन संकुल समन्वयक रोमन जैन के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ। मुख्य अतिथि वार्ड पार्षद आनंद चौरसिया ने कहा कि प्रत्येक बच्चे तक गुणवत्तापूर्ण शिक्षा पहुंचाना समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने पालकों से बच्चों को नियमित रूप से विद्यालय भेजने की अपील करते हुए कहा कि शिक्षा ही उनके उज्ज्वल भविष्य की मजबूत नींव है।
विद्यालय की प्रधानाध्यापिका अनिता देहारी ने कहा कि प्रवेश उत्सव का उद्देश्य बच्चों में विद्यालय के प्रति अपनापन, उत्साह और सीखने की रुचि विकसित करना है। उन्होंने बताया कि विद्यालय प्रत्येक विद्यार्थी को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, संस्कार एवं सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रयासरत है।
कार्यक्रम में वार्ड पार्षद आनंद चौरसिया, प्रधानाध्यापिका अनिता देहारी, शिक्षक राजेश ठाकुर, दुर्गा वर्मा, सिंधु श्रीवास्तव, प्रिया वर्मा, टीनू चंदवानी सहित विद्यालय का समस्त स्टाफ, पालकगण, वार्डवासी एवं रसोइयों की गरिमामयी उपस्थिति रही। पूरे आयोजन के दौरान विद्यालय परिसर उत्साह, उल्लास और सौहार्दपूर्ण वातावरण से सराबोर रहा।

