कुल्हाड़ी से वार कर ग्रामीण की हत्या, मुहल्ले में दहशत; पुलिस ने शुरू की जांच

0

 

कुल्हाड़ी से वार कर ग्रामीण की हत्या, मुहल्ले में दहशत; पुलिस ने शुरू की जांच



बीजापुर। जिले के उसूर थाना क्षेत्र में मंगलवार को एक सनसनीखेज हत्या की वारदात सामने आई। नम्बी-गुंजेपरती मार्ग स्थित बंगालपारा में 50 वर्षीय ग्रामीण की धारदार हथियार से हमला कर हत्या कर दी गई। घटना के बाद पूरे इलाके में भय और तनाव का माहौल है, जबकि पुलिस ने अज्ञात आरोपियों की तलाश तेज कर दी है।

पुलिस के अनुसार, मृतक की पहचान बंगालपारा निवासी हुंगा मुचाकी (50) के रूप में हुई है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि हमलावरों ने उन पर कुल्हाड़ी जैसे धारदार हथियार से ताबड़तोड़ वार किए, जिससे उनकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही उसूर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य एकत्र किए, पंचनामा कार्रवाई पूरी की और शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। आसपास के ग्रामीणों से भी पूछताछ की जा रही है ताकि वारदात से जुड़े अहम सुराग मिल सकें।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि हत्या के पीछे की वजह अभी स्पष्ट नहीं हो सकी है। जांच सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर की जा रही है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

गौरतलब है कि नम्बी-गुंजेपरती मार्ग कर्रेगुट्टा की पहाड़ियों से लगा संवेदनशील क्षेत्र है, जो पूर्व में माओवादी गतिविधियों के कारण चर्चा में रहा है। हालांकि, इस हत्या का किसी माओवादी गतिविधि से संबंध है या नहीं, इस संबंध में फिलहाल पुलिस ने कोई पुष्टि नहीं की है।

फिलहाल अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस का कहना है कि हर पहलू की बारीकी से जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपियों की पहचान कर मामले का खुलासा करने का प्रयास किया जाएगा।

Post a Comment

0Comments

Please Select Embedded Mode To show the Comment System.*

#buttons=(Accept !) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Learn More
Accept !