धमतरी पुलिस का नशे के कारोबार पर बड़ा प्रहार, 1.1 ग्राम हेरोइन के साथ दो तस्कर गिरफ्तार
कुरूद पुलिस ने हेरोइन, बाइक और मोबाइल समेत 36 हजार रुपये किया जब्त, दोनों आरोपी न्यायिक रिमांड पर जेल भेजे गए
उत्तम साहू,धमतरी। जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ धमतरी पुलिस लगातार सख्त कार्रवाई कर रही है। इसी कड़ी में कुरूद थाना पुलिस ने 1.1 ग्राम हेरोइन (चिट्टा) के साथ दो युवकों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से हेरोइन के अलावा एक मोटरसाइकिल और दो मोबाइल फोन जब्त किए हैं। जब्त मशरूका की कुल अनुमानित कीमत 36 हजार रुपये बताई गई है।
पुलिस अधीक्षक सूरज सिंह परिहार के निर्देशन में जिले को नशामुक्त एवं सुरक्षित बनाने के उद्देश्य से मादक पदार्थों की तस्करी और अवैध कारोबार के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी दौरान थाना कुरूद पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम छाती स्थित एनएच-30 हाईस्कूल के पास दो व्यक्ति हेरोइन बेचने की फिराक में हैं।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर घेराबंदी कर दोनों संदिग्धों को पकड़ा। वैधानिक प्रक्रिया के तहत तलाशी लेने पर उनके कब्जे से 1.1 ग्राम हेरोइन (चिट्टा) बरामद हुई, जिसकी अनुमानित कीमत 6 हजार रुपये है। साथ ही दो मोबाइल फोन (10 हजार रुपये) और एक मोटरसाइकिल (20 हजार रुपये) भी जब्त की गई।
पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ थाना कुरूद में अपराध क्रमांक 205/2026 के तहत धारा 21(ए) एवं 29 एनडीपीएस एक्ट के अंतर्गत मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार किया। बाद में न्यायालय में पेश करने के बाद दोनों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
गिरफ्तार आरोपी
- वाहिद खान (27 वर्ष), निवासी संजय नगर, कुरूद, जिला धमतरी।
- केशवराम ध्रुव (26 वर्ष), निवासी संजय नगर, कुरूद, जिला धमतरी।
धमतरी पुलिस ने कहा है कि जिले में मादक पदार्थों की तस्करी, अवैध शराब और अन्य गैरकानूनी गतिविधियों के विरुद्ध अभियान आगे भी इसी सख्ती से जारी रहेगा। पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि नशे के अवैध कारोबार से संबंधित किसी भी प्रकार की सूचना तत्काल पुलिस को दें। सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।

