खाद, बिजली, पानी और सड़क की बदहाली पर कांग्रेस का हल्ला बोल, सियाराम-गीतांजलि कौशिक के नेतृत्व में धरना

0

खाद, बिजली, पानी और सड़क की बदहाली पर कांग्रेस का हल्ला बोल, सियाराम-गीतांजलि कौशिक के नेतृत्व में धरना

बिल्हा बाजार चौक में एक दिवसीय प्रदर्शन, समस्याओं के समाधान की मांग; चेतावनी- मांगें नहीं मानीं तो होगा बड़ा आंदोलन



बिलासपुर। बिलासपुर जिले के बिल्हा विधानसभा क्षेत्र में खाद, बिजली, सड़क और पेयजल जैसी बुनियादी समस्याओं को लेकर कांग्रेस ने राज्य सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। क्षेत्र की विभिन्न जनसमस्याओं के निराकरण की मांग को लेकर बिल्हा बाजार चौक में एक दिवसीय धरना-प्रदर्शन आयोजित किया गया। प्रदर्शन का नेतृत्व पूर्व विधायक सियाराम कौशिक और ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष गीतांजलि कौशिक ने किया। इस दौरान बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता और स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।

धरने को संबोधित करते हुए ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष गीतांजलि कौशिक ने कहा कि बिजली उत्पादन करने वाले राज्य में भी ग्रामीण क्षेत्रों के लोग पर्याप्त बिजली से वंचित हैं। किसानों को समय पर खाद और बीज नहीं मिल रहा है, जबकि कई गांवों में पेयजल संकट गहराता जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि इन गंभीर समस्याओं को लेकर लगातार आवाज उठाने के बावजूद शासन-प्रशासन समाधान के प्रति गंभीर नहीं है।

पूर्व विधायक सियाराम कौशिक ने कहा कि प्रदेश सरकार जनता को मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने में पूरी तरह विफल साबित हो रही है। उन्होंने कहा कि किसानों को खाद के लिए भटकना पड़ रहा है, सड़कों की हालत जर्जर है और बिजली व्यवस्था भी लगातार प्रभावित हो रही है, जिससे आम लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

जिला कांग्रेस अध्यक्ष महेंद्र गंगोत्री ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि जल्द ही समस्याओं का समाधान नहीं किया गया तो आंदोलन को और उग्र किया जाएगा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस जनता के अधिकारों की लड़ाई लगातार लड़ती रहेगी और आवश्यकता पड़ने पर चक्का जाम जैसे बड़े आंदोलन भी किए जाएंगे।

खाद, बिजली, पानी और सड़क जैसी बुनियादी सुविधाओं को लेकर कांग्रेस के इस प्रदर्शन ने बिल्हा क्षेत्र की जनसमस्याओं को एक बार फिर प्रमुखता से सामने ला दिया है। अब नजर प्रशासन और सरकार के अगले कदम पर रहेगी कि इन मांगों पर कितना गंभीरता से कार्रवाई की जाती है।

Post a Comment

0Comments

Please Select Embedded Mode To show the Comment System.*

#buttons=(Accept !) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Learn More
Accept !