धमतरी में अवैध रेत परिवहन पर खनिज विभाग का शिकंजा, दो दिन में 4 वाहन जब्त
वित्तीय वर्ष 2026-27 में अब तक 239 मामलों में कार्रवाई, 69.32 लाख रुपये का अर्थदंड वसूल
उत्तम साहू,धमतरी, 13 जुलाई 2026। जिले में अवैध रेत उत्खनन, परिवहन और भंडारण पर अंकुश लगाने के लिए खनिज विभाग का अभियान लगातार जारी है। प्राप्त शिकायतों के आधार पर विभाग ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो दिनों तक विभिन्न क्षेत्रों में सघन जांच अभियान चलाया, जिसमें अवैध रूप से रेत का परिवहन करते पाए गए 4 वाहनों को जब्त किया गया।
खनिज विभाग से मिली जानकारी के अनुसार 12 एवं 13 जुलाई को सारंगपुरी, खरेंगा, अमेठी, सरगी-दोनर, पाहंदा सहित आसपास के क्षेत्रों में जांच की गई। इस दौरान अवैध रेत परिवहन में संलिप्त पाए गए चार वाहनों को जब्त कर उनके विरुद्ध खान एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) अधिनियम, 1957 तथा छत्तीसगढ़ गौण खनिज नियम, 2015 के तहत अर्थदंड की कार्रवाई की जा रही है।
विभाग के अनुसार वित्तीय वर्ष 2026-27 में 13 जुलाई तक अवैध उत्खनन, परिवहन एवं भंडारण से जुड़े 239 प्रकरणों में कार्रवाई करते हुए 69 लाख 32 हजार 683 रुपये का अर्थदंड वसूलकर शासकीय खनिज मद में जमा कराया गया है। संबंधित मामलों का प्रशमन भी किया गया है।
खनिज विभाग ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध खनिज गतिविधियों पर प्रभावी रोकथाम के लिए विभागीय उड़नदस्ता दल लगातार निगरानी कर रहा है। विभाग ने चेतावनी दी है कि भविष्य में भी अवैध उत्खनन, परिवहन और भंडारण करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।

