ऑपरेशन सिंदूर के वीर जवानों के लिए छात्राओं ने भेजा रक्षा सूत्र, भाजपा महिला मोर्चा ने चलाया विशेष अभियान
उत्तम साहू,नगरी। रक्षाबंधन पर्व के पावन अवसर पर भाजपा महिला मोर्चा नगरी द्वारा "ऑपरेशन सिंदूर" में देश की सीमाओं पर तैनात वीर जवानों के सम्मान में विशेष रक्षा सूत्र संग्रह अभियान आयोजित किया गया। अभियान के तहत शुक्रवार को शासकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय सिहावा, पीएम श्री शासकीय श्रृंगी ऋषि उच्चतर माध्यमिक विद्यालय नगरी, शासकीय कन्या उच्च माध्यमिक विद्यालय नगरी तथा शासकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय सांकरा में छात्राओं से रक्षा सूत्र एकत्रित किए गए।
इस अवसर पर जनपद पंचायत नगरी सदस्य एवं सभापति श्रीमती प्रेमलता नागवंशी, प्रदेश 'मन की बात' प्रभारी एवं मंडल महामंत्री नगरी तथा पूर्व जनपद पंचायत सदस्य श्रीमती सुलोचना साहू, भाजपा जिला मंत्री श्रीमती प्रीति यदु तथा नगर पंचायत नगरी की पार्षद एवं भाजपा महिला मोर्चा मंडल अध्यक्ष श्रीमती चेलेश्वरी लखन साहू विशेष रूप से उपस्थित रहीं।
कार्यक्रम के दौरान छात्राओं ने पूरे उत्साह के साथ रक्षा सूत्र समर्पित करते हुए देश की रक्षा में दिन-रात सीमाओं पर तैनात सैनिकों के प्रति अपना सम्मान, स्नेह और कृतज्ञता व्यक्त की। छात्राओं ने कामना की कि हमारे वीर जवान सदैव सुरक्षित, स्वस्थ और विजयी रहें तथा मातृभूमि की रक्षा का उनका संकल्प निरंतर अटूट बना रहे।
भाजपा महिला मोर्चा की पदाधिकारियों ने कहा कि रक्षाबंधन केवल भाई-बहन के प्रेम का पर्व नहीं, बल्कि राष्ट्र की रक्षा में समर्पित सैनिकों के प्रति सम्मान और विश्वास व्यक्त करने का भी अवसर है। रक्षा सूत्र के माध्यम से देशभर की बहनों का स्नेह और शुभकामनाएं सीमा पर डटे जवानों तक पहुंचेंगी, जिससे उनका मनोबल और अधिक सशक्त होगा।
कार्यक्रम में विद्यालयों के शिक्षक-शिक्षिकाओं, छात्राओं एवं भाजपा महिला मोर्चा की कार्यकर्ताओं ने सक्रिय भागीदारी निभाई। पूरे आयोजन के दौरान राष्ट्रभक्ति का माहौल देखने को मिला और अंत में सभी ने "भारत माता की जय", "वंदे मातरम्" और "जय हिंद" के उद्घोष के साथ वीर सैनिकों के प्रति अपना सम्मान प्रकट किया।

