जिले की 122 ग्राम पंचायतों में बनेंगे मुक्तिधाम शेड, अंतिम संस्कार के लिए मिलेंगी बेहतर सुविधाएं
उत्तम साहू,धमतरी। ग्रामीण क्षेत्रों में अंतिम संस्कार स्थलों पर सम्मानजनक एवं सुविधाजनक व्यवस्था उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जिला प्रशासन ने बड़ा निर्णय लिया है। वित्तीय वर्ष 2026-27 के तहत धमतरी जिले की 122 ग्राम पंचायतों में मुक्तिधाम शेड का निर्माण कराया जाएगा। इन कार्यों पर लगभग 7 करोड़ 32 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे। इस पहल से अंतिम संस्कार के दौरान धूप, बारिश और अन्य प्रतिकूल मौसम से लोगों को राहत मिलेगी तथा मुक्तिधाम परिसरों में आवश्यक आधारभूत सुविधाओं का विस्तार होगा।
कलेक्टर अबिनाश मिश्रा के निर्देशन एवं जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी जयंत नाहटा के मार्गदर्शन में यह योजना क्रियान्वित की जा रही है। योजना के अनुसार धमतरी विकासखंड में 17, कुरूद में 5, मगरलोड में 38 तथा नगरी विकासखंड में सर्वाधिक 62 मुक्तिधाम शेड बनाए जाएंगे।
प्रशासन के अनुसार ग्रामीण क्षेत्रों में मुक्तिधाम केवल अंतिम संस्कार का स्थान नहीं, बल्कि सामाजिक संवेदनाओं और सामुदायिक गरिमा से जुड़ा महत्वपूर्ण स्थल है। कई पंचायतों में वर्षों से शेड और अन्य मूलभूत सुविधाओं के अभाव के कारण विशेषकर बारिश के मौसम में अंतिम संस्कार के दौरान लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता था। इसी आवश्यकता को देखते हुए स्थायी एवं गुणवत्तापूर्ण मुक्तिधाम शेड निर्माण का निर्णय लिया गया है।
निर्माणाधीन शेड मजबूत और टिकाऊ सामग्री से तैयार किए जाएंगे। इनमें स्थानीय आवश्यकताओं के अनुरूप पर्याप्त स्थान, छायादार व्यवस्था और अन्य आवश्यक नागरिक सुविधाएं विकसित की जाएंगी, ताकि अंतिम संस्कार में शामिल होने वाले लोगों को सुरक्षित, स्वच्छ और सम्मानजनक वातावरण मिल सके।
जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी जयंत नाहटा ने बताया कि सभी संबंधित ग्राम पंचायतों और जनपद पंचायतों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी कर दिए गए हैं। निर्माण कार्यों की गुणवत्ता, समयबद्धता और पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए नियमित तकनीकी निरीक्षण एवं सतत निगरानी की व्यवस्था भी की गई है, जिससे स्वीकृत राशि का प्रभावी उपयोग हो और ग्रामीणों को शीघ्र लाभ मिल सके।
उन्होंने कहा कि पंचायत स्तर पर आधारभूत अधोसंरचना के विकास के साथ सामाजिक आवश्यकताओं से जुड़े सार्वजनिक स्थलों का सुदृढ़ीकरण भी ग्रामीण विकास की प्राथमिकताओं में शामिल है। मुक्तिधाम शेड निर्माण इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है।
इन निर्माण कार्यों से स्थानीय स्तर पर श्रमिकों को रोजगार के अवसर भी मिलेंगे। साथ ही निर्माण सामग्री की स्थानीय उपलब्धता और ग्राम पंचायतों की सक्रिय भागीदारी से जनसहभागिता, पारदर्शिता एवं जवाबदेही को बढ़ावा मिलेगा। यह पहल ग्रामीण अधोसंरचना को मजबूत करने के साथ सामाजिक गरिमा, स्वच्छता और संवेदनशील प्रशासन की प्रतिबद्धता को भी सशक्त बनाएगी।

