संबलपुर स्कूल में धमतरी पुलिस का जागरूकता अभियान, 220 विद्यार्थियों को यातायात, साइबर सुरक्षा और नए कानूनों की दी जानकारी
उत्तम साहू,धमतरी। पुलिस अधीक्षक श्रीमती भावना पांडेय के निर्देशन में धमतरी पुलिस द्वारा स्कूल-कॉलेजों में लगातार जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में शुक्रवार को शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, संबलपुर में विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें लगभग 220 विद्यार्थियों को यातायात नियमों, साइबर अपराधों से बचाव, नए आपराधिक कानूनों एवं प्रधानमंत्री राहवीर (गुड सेमेरिटन) योजना की विस्तृत जानकारी दी गई।
कार्यक्रम में यातायात प्रभारी उपनिरीक्षक खेमराज साहू एवं पुलिस टीम ने विद्यार्थियों को सड़क सुरक्षा के महत्व से अवगत कराते हुए हेलमेट और सीट बेल्ट के अनिवार्य उपयोग, नाबालिगों द्वारा वाहन नहीं चलाने, वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का उपयोग नहीं करने, निर्धारित गति सीमा का पालन करने तथा सड़क पर अनुशासित व्यवहार अपनाने की सलाह दी।
पुलिस अधिकारियों ने साइबर अपराधों के बढ़ते मामलों को देखते हुए विद्यार्थियों को ऑनलाइन ठगी से बचने के उपाय भी बताए। उन्हें किसी के साथ ओटीपी, पासवर्ड या बैंक संबंधी गोपनीय जानकारी साझा नहीं करने, संदिग्ध लिंक से सावधान रहने तथा किसी भी साइबर अपराध की स्थिति में तत्काल पुलिस को सूचना देने के लिए प्रेरित किया गया।
इस दौरान देश में लागू नए आपराधिक कानूनों की भी जानकारी दी गई और विद्यार्थियों व शिक्षकों से कानून के प्रति जागरूक एवं जिम्मेदार नागरिक बनने का आह्वान किया गया।
कार्यक्रम में प्रधानमंत्री राहवीर (गुड सेमेरिटन) योजना के बारे में भी विस्तार से जानकारी दी गई। पुलिस ने बताया कि सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्ति की समय पर मदद कर उसे अस्पताल पहुंचाने वाले नागरिकों को शासन द्वारा प्रोत्साहन राशि एवं प्रशस्ति-पत्र प्रदान किया जाता है। विद्यार्थियों से मानवता और संवेदनशीलता का परिचय देते हुए जरूरतमंदों की मदद करने की अपील की गई।
धमतरी पुलिस ने संदेश दिया कि "यातायात नियमों का पालन करें, साइबर अपराधों से सतर्क रहें, कानून की जानकारी रखें और सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्ति की मदद कर राहवीर बनें। आपकी सजगता किसी की जिंदगी बचा सकती है।"
कार्यक्रम में विद्यालय के प्राचार्य कीर्तन लाल साहू, यातायात प्रभारी उपनिरीक्षक खेमराज साहू, सहायक उपनिरीक्षक रामकृष्ण साहू, आरक्षक राजीव साहू सहित विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। सभी ने इस जागरूकता अभियान की सराहना करते हुए विद्यार्थियों से सीखी गई बातों को अपने परिवार और समाज तक पहुंचाने का आग्रह किया।

