ट्राईसाइकिल बनी उम्मीद की नई राह, दिव्यांगजनों के चेहरों पर लौटी मुस्कान

0

 

ट्राईसाइकिल बनी उम्मीद की नई राह, दिव्यांगजनों के चेहरों पर लौटी मुस्कान

जिला पंचायत अध्यक्ष अरुण सार्वा ने दो दिव्यांग हितग्राहियों को सौंपी आत्मनिर्भरता की नई सवारी



उत्तम साहू,धमतरी, 20 जुलाई 2026। दिव्यांगजनों के लिए सहायक उपकरण केवल साधन नहीं, बल्कि आत्मनिर्भरता की दिशा में बढ़ने का मजबूत माध्यम होते हैं। इसी भावना के साथ जिला पंचायत अध्यक्ष श्री अरुण सार्वा ने जिले के दो दिव्यांगजनों को ट्राईसाइकिल प्रदान कर उनके आवागमन को आसान बनाने की पहल की। ट्राईसाइकिल मिलते ही दोनों हितग्राहियों के चेहरे खुशी से खिल उठे और उन्होंने इसे अपने लिए नई उम्मीद का सहारा बताया।

जिला पंचायत अध्यक्ष श्री अरुण सार्वा ने ग्राम सोरम निवासी श्री कामदेव साहू एवं नवागांव-कंडेल निवासी सुश्री गेमेश्वरी साहू को ट्राईसाइकिल प्रदान की। इस दौरान उन्होंने दोनों हितग्राहियों से आत्मीयता से बातचीत कर उनका हाल-चाल जाना और शासन की विभिन्न योजनाओं का लाभ निरंतर मिलते रहने का भरोसा दिलाया। कार्यक्रम में समाज कल्याण विभाग की उप संचालक श्रीमती मनीषा पांडेय सहित विभागीय अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।

बचपन की परेशानी के बाद अब आत्मनिर्भरता की राह



सुश्री गेमेश्वरी साहू ने बताया कि बचपन से ही दाएं पैर में पोलियो के कारण उन्हें चलने-फिरने और दैनिक कार्यों में काफी परेशानी होती थी। वर्तमान में वे नवागांव आंगनबाड़ी केंद्र में कार्यकर्ता के रूप में सेवाएं दे रही हैं। काम के सिलसिले में आसपास के गांवों और मोहल्लों में जाना पड़ता था, जिससे उन्हें काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ता था।

अब ट्राईसाइकिल मिलने से उनका आवागमन काफी आसान हो जाएगा। उन्होंने इस सहयोग के लिए मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय और जिला प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया।

        हादसे में गंवाया पैर, योजनाओं से मिला सहारा



ग्राम सोरम निवासी श्री कामदेव साहू ने बताया कि करीब छह वर्ष पहले सड़क दुर्घटना में उन्हें अपना पैर गंवाना पड़ा। परिवार में कोई अन्य कमाने वाला सदस्य नहीं है और उनकी पत्नी मजदूरी कर परिवार का पालन-पोषण करती हैं। उनके तीन बच्चे शिक्षा ग्रहण कर रहे हैं।

उन्होंने बताया कि परिवार को महतारी वंदन योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना, भूमिहीन कृषि मजदूर योजना और खाद्यान्न सहायता योजना सहित विभिन्न शासकीय योजनाओं का लाभ मिल रहा है।

कामदेव साहू को पूर्व में मिली ट्राईसाइकिल वर्षों के उपयोग के बाद खराब हो गई थी। नई ट्राईसाइकिल के लिए आवेदन किए जाने के बाद समाज कल्याण विभाग ने त्वरित कार्रवाई करते हुए उन्हें नई ट्राईसाइकिल उपलब्ध कराई।

नई ट्राईसाइकिल मिलने के बाद कामदेव साहू के चेहरे पर खुशी साफ दिखाई दी। उन्होंने कहा कि शासन की योजनाओं से दिव्यांगजनों को आत्मनिर्भर जीवन जीने का संबल मिल रहा है और उनकी जरूरतों का संवेदनशीलता के साथ समाधान किया जा रहा है।

जरूरतमंदों तक समय पर पहुंचे योजनाओं का लाभ

जिला पंचायत अध्यक्ष श्री अरुण सार्वा ने कहा कि शासन का उद्देश्य केवल योजनाएं बनाना नहीं, बल्कि पात्र हितग्राहियों तक उनका लाभ समय पर पहुंचाना है। दिव्यांगजन समाज की मुख्यधारा का महत्वपूर्ण हिस्सा हैं और उन्हें सम्मानपूर्वक आत्मनिर्भर जीवन जीने का अवसर उपलब्ध कराना शासन की प्राथमिकता है।

उन्होंने कहा कि प्रशासन जरूरतमंद दिव्यांगजनों तक सहायता पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है। इस अवसर पर समाज कल्याण विभाग की उप संचालक श्रीमती मनीषा पांडेय सहित विभागीय अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।

Post a Comment

0Comments

Please Select Embedded Mode To show the Comment System.*

#buttons=(Accept !) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Learn More
Accept !