महिला एवं बाल विकास, स्वच्छता एवं स्वास्थ्य स्थायी समिति की बैठक सम्पन्न, स्वास्थ्य सेवाओं और योजनाओं की हुई विस्तृत समीक्षा
धमतरी, 28 जुलाई 2026। जिला पंचायत धमतरी में मंगलवार को महिला एवं बाल विकास, स्वच्छता एवं स्वास्थ्य स्थायी समिति की बैठक सभापति श्रीमती मोनिका देवांगन की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में 17 मार्च 2026 को हुई पिछली बैठक की कार्यवाही के पालन प्रतिवेदन की समीक्षा के साथ विभिन्न विभागों की योजनाओं एवं कार्यक्रमों की विस्तृत समीक्षा की गई।
बैठक में आयुष विभाग ने बताया कि जिले में आठ राष्ट्रीय योजनाओं का संचालन किया जा रहा है। इनमें स्कूलों में बच्चों का स्वास्थ्य परीक्षण, 60 वर्ष से अधिक आयु के लोगों के लिए वयोमित्र-सियान जतन योजना, स्वर्ण प्राशन, योग एवं योग शिक्षा, आंगनबाड़ी बच्चों को मोदक लड्डू वितरण तथा कुपोषित बच्चों के आयुर्वेदिक उपचार जैसी योजनाएं शामिल हैं।
लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी (पीएचई) विभाग ने जानकारी दी कि जिले में घर-घर नल जल योजना का कार्य पूर्ण हो चुका है तथा ग्राम समूह जल प्रदाय योजनाओं पर भी कार्य जारी है। ग्राम घाटुला में पेयजल समस्या का उल्लेख किया गया। जल स्रोतों की शुद्धता बनाए रखने के लिए कुओं, हैंडपंपों और पानी की टंकियों में सोडियम हाइपोक्लोराइट घोल का उपयोग किए जाने तथा 35 नए बोरवेल खनन की जानकारी भी दी गई। ग्राम देवपुर में सार्वजनिक शौचालय निर्माण की मांग भी बैठक में उठाई गई।
स्वास्थ्य विभाग ने बताया कि जिला अस्पताल की अटल लैब में 130 प्रकार की जांचें उपलब्ध हैं, जिनमें थायराइड, लिवर एवं किडनी जांच शामिल हैं। जिला अस्पताल में सिजेरियन प्रसव की सुविधा भी उपलब्ध है। इस पर सभापति श्रीमती मोनिका देवांगन ने निर्देश दिए कि किसी भी पात्र मरीज को अनावश्यक रूप से निजी अस्पतालों में रेफर नहीं किया जाए।
बैठक में मुख स्वास्थ्य कार्यक्रम के तहत बुजुर्गों एवं अन्य जरूरतमंद हितग्राहियों को निःशुल्क कृत्रिम दांत उपलब्ध कराने, स्वास्थ्य विभाग के बजट एवं व्यय, सामग्री खरीदी और टेंडर प्रक्रिया की भी जानकारी ली गई। साथ ही स्कूलों एवं छात्रावासों में एचआईवी जागरूकता एवं टीकाकरण संबंधी विषयों पर चर्चा की गई।
फूड एवं ड्रग्स विभाग को निर्देश दिए गए कि मेडिकल स्टोर्स का संचालन संबंधित लाइसेंसधारी के द्वारा ही सुनिश्चित किया जाए तथा मेडिकल दुकानों में नशीली दवाओं की बिक्री पर प्रभावी रोक लगाई जाए। बैठक में नशे की रोकथाम और बढ़ती आत्महत्या की घटनाओं पर भी गंभीर चर्चा करते हुए प्रभावी समाधान पर जोर दिया गया।
महिला एवं बाल विकास विभाग की समीक्षा के दौरान पोषण ट्रैकर, बच्चों की ऊंचाई एवं वजन मापन, मगरलोड विकासखंड में पोषाहार वितरण, मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना, नोनी सुरक्षा योजना, प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना, जननी सुरक्षा योजना, सुपोषण चौपाल, सुकन्या समृद्धि योजना, महतारी वंदन योजना तथा सक्षम योजना की प्रगति पर चर्चा की गई। सभापति ने विभिन्न योजनाओं के लिए प्राप्त बजट एवं व्यय की विस्तृत जानकारी भी अधिकारियों से मांगी।
बैठक में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. यू.एल. कौशिक, जिला कार्यक्रम प्रबंधक डॉ. प्रिया कंवर, जिला कार्यक्रम अधिकारी जगरानी एक्का, जिला आयुर्वेद अधिकारी, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग, शिक्षा विभाग सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। बैठक का समापन आभार प्रदर्शन के साथ हुआ।

