जनदर्शन में कलेक्टर ने सुनीं आमजन की समस्याएं, अधिकारियों को दिए त्वरित निराकरण के निर्देश
उत्तम साहू,धमतरी, 28 जुलाई 2026। कलेक्टर श्री अबिनाश मिश्रा ने मंगलवार को कलेक्टोरेट सभाकक्ष में आयोजित साप्ताहिक जनदर्शन में जिलेभर से पहुंचे नागरिकों की समस्याएं गंभीरता से सुनीं और संबंधित अधिकारियों को सभी आवेदनों का समय-सीमा में पारदर्शी एवं गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि जनसमस्याओं के समाधान में किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनावश्यक देरी स्वीकार नहीं की जाएगी।
जनदर्शन में ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों से पहुंचे लोगों ने भूमि विवाद, प्रधानमंत्री आवास योजना, मजदूरी भुगतान, शिक्षा, अतिक्रमण और राजस्व मामलों सहित विभिन्न समस्याओं से जुड़े आवेदन प्रस्तुत किए। कलेक्टर ने सभी मामलों की तथ्यात्मक जांच कर नियमानुसार त्वरित कार्रवाई करने के निर्देश संबंधित विभागों को दिए।
इस दौरान शाला प्रबंधन एवं विकास समिति भाठागांव के अध्यक्ष विजेन्द्र कुमार ने शासकीय माध्यमिक विद्यालय भाठागांव में अतिरिक्त शिक्षकों की नियुक्ति की मांग की। ग्राम सांकरा की अमरिका साहू ने दिव्यांगता के कारण स्वरोजगार के लिए आर्थिक सहायता प्रदान करने का अनुरोध किया। वहीं कोरमुड़पारा, सांकरा की शकुन ध्रुव ने अपने पति दुर्देश ध्रुव की विद्युत करंट से हुई मृत्यु पर मुआवजा दिलाने की मांग रखी। नगर निगम धमतरी के श्रमिकों ने भी लंबित पारिश्रमिक भुगतान की समस्या कलेक्टर के समक्ष रखी।
कलेक्टर श्री मिश्रा ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि पात्र हितग्राहियों को नियमानुसार शीघ्र राहत उपलब्ध कराई जाए। उन्होंने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप आमजन की समस्याओं का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करना जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

