साइबर अपराध, नशा और सड़क सुरक्षा पर धमतरी पुलिस की पाठशाला, विद्यार्थियों को जिम्मेदार नागरिक बनने का दिया संदेश

0

 

साइबर अपराध, नशा और सड़क सुरक्षा पर धमतरी पुलिस की पाठशाला, विद्यार्थियों को जिम्मेदार नागरिक बनने का दिया संदेश



उत्तम साहू 

नगरी,धमतरी 28 जुलाई 2026। धमतरी पुलिस द्वारा युवाओं को जागरूक बनाने के उद्देश्य से जिलेभर में चलाए जा रहे जनजागरूकता अभियान के तहत मंगलवार को सरस्वती शिशु मंदिर, नगरी में विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों को साइबर सुरक्षा, नशा मुक्ति, यातायात नियमों और नए आपराधिक कानूनों की जानकारी देकर जिम्मेदार नागरिक बनने का संदेश दिया गया।

पुलिस अधीक्षक श्रीमती भावना पांडेय के निर्देशन में आयोजित इस कार्यक्रम का नेतृत्व एसडीओपी नगरी विपिन रंगारी एवं थाना प्रभारी टापेश्वर मरकाम ने किया। अधिकारियों ने विद्यार्थियों को बताया कि डिजिटल युग में साइबर अपराध तेजी से बढ़ रहे हैं, इसलिए सोशल मीडिया और इंटरनेट का उपयोग पूरी सावधानी और जिम्मेदारी के साथ करना आवश्यक है।

कार्यक्रम के दौरान फर्जी कॉल, ओटीपी और बैंकिंग धोखाधड़ी, फर्जी लिंक, ऑनलाइन गेमिंग फ्रॉड, सोशल मीडिया हैकिंग, डिजिटल अरेस्ट, फर्जी निवेश योजनाओं और साइबर ब्लैकमेल जैसे अपराधों से बचाव के उपाय बताए गए। साथ ही किसी भी साइबर अपराध की स्थिति में राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन 1930 तथा www.cybercrime.gov.in पोर्टल पर तत्काल शिकायत दर्ज कराने की जानकारी भी दी गई।

विद्यार्थियों को नशे के दुष्प्रभावों से भी अवगत कराया गया। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि नशा व्यक्ति के स्वास्थ्य, शिक्षा, परिवार और समाज पर गंभीर असर डालता है। उन्होंने विद्यार्थियों से स्वयं नशे से दूर रहने और अपने मित्रों व परिजनों को भी नशामुक्त जीवन अपनाने के लिए प्रेरित करने की अपील की।

सड़क सुरक्षा को लेकर हेलमेट और सीट बेल्ट पहनने, निर्धारित गति सीमा का पालन करने, वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का उपयोग नहीं करने, नाबालिगों द्वारा वाहन नहीं चलाने तथा शराब या अन्य मादक पदार्थों के सेवन के बाद वाहन नहीं चलाने की समझाइश भी दी गई।

इस अवसर पर विद्यार्थियों को भारतीय न्याय संहिता (BNS), भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) एवं भारतीय साक्ष्य अधिनियम (BSA) की प्रमुख विशेषताओं से भी परिचित कराया गया। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक प्रश्न पूछे, जिनका पुलिस अधिकारियों ने सरल और व्यवहारिक उदाहरणों के माध्यम से उत्तर दिया।

कार्यक्रम के अंत में सभी विद्यार्थियों को साइबर अपराधों से सतर्क रहने, नशे से दूर रहने, यातायात नियमों का पालन करने और कानून का सम्मान करने की शपथ दिलाई गई।

इस दौरान सरस्वती शिशु मंदिर के प्राचार्य प्रफुल्ल चंद साहू, व्यवस्थापक जीवन नाहटा, विद्यालय के शिक्षकगण एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। धमतरी पुलिस ने बताया कि युवाओं को जागरूक, सुरक्षित और जिम्मेदार नागरिक बनाने के उद्देश्य से जिले के विभिन्न विद्यालयों और महाविद्यालयों में इस प्रकार के जागरूकता कार्यक्रम आगे भी लगातार आयोजित किए जाएंगे।

Post a Comment

0Comments

Please Select Embedded Mode To show the Comment System.*

#buttons=(Accept !) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Learn More
Accept !