बस चालक पर चाकू से जानलेवा हमला, मुख्य आरोपी गिरफ्तार; न्यायिक रिमांड पर भेजा गया जेल
उत्तम साहू
धमतरी, 30 जुलाई 2026। कुरूद थाना क्षेत्र में स्कूल बस चालक पर चाकू से हमला करने के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। वारदात में प्रयुक्त स्प्लेंडर मोटरसाइकिल और धारदार हथियार भी पुलिस ने जब्त कर लिया है।
पुलिस के अनुसार 28 जुलाई को दोपहर करीब 3:15 बजे ए.जे. इंग्लिश स्कूल, कुरूद की स्कूल बस बच्चों को उनके घर छोड़ने जा रही थी। इसी दौरान सुनीलम सिनेमा के पास सार्वजनिक शौचालय के सामने मोटरसाइकिल सवार दो युवकों ने बस रोककर चालक से पुरानी रंजिश को लेकर विवाद शुरू कर दिया। आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी और धारदार हथियार से हमला कर बस चालक को घायल कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही कुरूद थाना में अपराध क्रमांक 228/2026 दर्ज कर भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं तथा आर्म्स एक्ट के तहत मामला पंजीबद्ध कर जांच शुरू की गई।
विवेचना के दौरान घटनास्थल का निरीक्षण, साक्ष्य संकलन और गवाहों के बयान के आधार पर पुलिस ने रोहन साहू (21 वर्ष) निवासी मोंगरा, थाना कुरूद (हाल पता अमृत विहार कॉलोनी, कुरूद) को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
पुलिस ने बताया कि मामले में शामिल एक विधि से संघर्षरत बालक को किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष प्रस्तुत कर किशोर न्याय अधिनियम के प्रावधानों के अनुसार वैधानिक कार्रवाई की गई है।
जांच के दौरान घटना में प्रयुक्त स्प्लेंडर मोटरसाइकिल और धारदार हथियार भी बरामद कर जब्त किए गए हैं।
पुलिस अधीक्षक के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक और एसडीओपी कुरूद के मार्गदर्शन में की गई इस कार्रवाई के बाद धमतरी पुलिस ने आमजन से अपील की है कि किसी भी विवाद का समाधान कानून के दायरे में रहकर करें। हिंसा और कानून हाथ में लेने वालों के विरुद्ध सख्त वैधानिक कार्रवाई जारी रहेगी।

