बारिश ने खोली पंचायत की पोल: नालियां जाम, घर-बाड़ियों में घुसा पानी
सफाई नहीं कराई तो ग्रामीणों ने खुद संभाली कमान, श्रमदान से बनाई जल निकासी की व्यवस्था
पहली बारिश में जाम नालियों ने बढ़ाई मुसीबत
स्टेशनपारा के कई घरों और बाड़ियों में भरा पानी
पंचायत की निष्क्रियता के बीच ग्रामीणों ने किया श्रमदान
नालियों की नियमित सफाई नहीं होने पर ग्रामीणों में नाराजगी
उत्तम साहू
धमतरी/नगरी। नगरी विकासखंड के वनांचल क्षेत्र स्थित ग्राम पंचायत दुगली में प्री-मानसून तैयारियों की पोल पहली ही बारिश में खुल गई। शनिवार रात से रुक-रुककर हो रही बारिश के बीच स्टेशनपारा वार्ड की जाम नालियों का पानी घरों और बाड़ियों में घुस गया, जिससे ग्रामीणों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
स्थिति बिगड़ने पर पंचायत की ओर से कोई त्वरित व्यवस्था नहीं होने से ग्रामीणों ने खुद मोर्चा संभाला। सुरेन्द्र राज ध्रुव, कन्हैया यादव, हलालखोर यादव, घुराऊ राम यादव, सुरेश कुमार मंडावी, राजेश नेताम, जगेश्वर नेताम और राजेश्वर नेताम सहित अन्य ग्रामीणों ने बारिश के बीच श्रमदान कर नालियों में जमा मिट्टी और कचरा हटाया तथा जल निकासी का रास्ता बनाया।
ग्रामीणों का आरोप है कि यदि ग्राम पंचायत दुगली ने बारिश से पहले स्वच्छता मद से नालियों की नियमित सफाई कराई होती तो यह स्थिति पैदा नहीं होती। उनका कहना है कि पंचायत की लापरवाही का खामियाजा आम लोगों को भुगतना पड़ रहा है।
ग्रामीणों ने मांग की है कि गांव की सभी नालियों की तत्काल सफाई कर जल निकासी की स्थायी व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि आगामी बारिश में लोगों को दोबारा ऐसी परेशानी का सामना न करना पड़े।


