कपड़े सुखाने के दौरान बिजली तार की चपेट में आई महिला, करंट लगने से मौत
अधारी नवागांव वार्ड में दर्दनाक हादसा; कोतवाली पुलिस ने मर्ग कायम कर शुरू की जांच
धमतरी। शहर के अधारी नवागांव वार्ड में सोमवार सुबह एक दर्दनाक हादसे में बिजली करंट की चपेट में आने से एक महिला की मौत हो गई। हादसे के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है। मामले में कोतवाली पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार अधारी नवागांव वार्ड निवासी संगीता साहू सोमवार सुबह नहाने के बाद कपड़े सुखा रही थीं। इसी दौरान वह बिजली के तार के संपर्क में आ गईं। करंट लगते ही वह जमीन पर गिर पड़ीं। घटना के बाद परिजन और आसपास के लोगों ने तत्काल उन्हें उपचार के लिए धमतरी जिला अस्पताल पहुंचाया।
अस्पताल में डॉक्टरों ने जांच के बाद संगीता साहू को मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलने पर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई की। पोस्टमार्टम के बाद पुलिस ने शव परिजनों को सौंप दिया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।

