धमतरी में अवैध शराब के खिलाफ पुलिस की बड़ी कार्रवाई, दो अलग-अलग मामलों में दो आरोपी गिरफ्तार
कुरूद और सिहावा पुलिस ने देशी व कच्ची महुआ शराब सहित बिक्री रकम की जब्त
उत्तम साहू
नगरी,धमतरी, 25 जुलाई 2026। पुलिस अधीक्षक श्रीमती भावना पांडेय के निर्देश पर जिले में अवैध शराब के निर्माण, परिवहन, संग्रहण और बिक्री के खिलाफ पुलिस का अभियान लगातार जारी है। इसी क्रम में थाना कुरूद और थाना सिहावा पुलिस ने अलग-अलग कार्रवाई करते हुए अवैध शराब बिक्री के आरोप में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने दोनों मामलों में आबकारी अधिनियम के तहत अपराध दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की है।
चारमाठा पुल के पास शराब बेचते पकड़ा गया आरोपी
थाना कुरूद पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम चारमाठा पुल के पास एक व्यक्ति अवैध रूप से शराब बेच रहा है। सूचना पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर मुरारी दास वैष्णव (54 वर्ष), निवासी परसवदा, थाना कुरूद को पकड़ा। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 17 पाव देशी मसाला शराब, कुल 3060 मिलीलीटर, तथा बिक्री रकम सहित लगभग 2 हजार रुपये मूल्य की सामग्री बरामद की गई। आरोपी के खिलाफ धारा 34(1)(ख) आबकारी एक्ट के तहत अपराध क्रमांक 220/26 दर्ज कर कार्रवाई की गई।
सिहावा में 3 लीटर कच्ची महुआ शराब जब्त
इसी तरह थाना सिहावा पुलिस ने ग्राम रानीगांव मानस मंच के पास कार्रवाई करते हुए मनीष मरकाम, पिता स्व. सुखराम मरकाम, निवासी रानीगांव मानस मंच को अवैध रूप से शराब बेचते हुए पकड़ा। आरोपी के कब्जे से 3 लीटर कच्ची महुआ शराब और बिक्री रकम सहित लगभग 750 रुपये मूल्य की सामग्री जब्त की गई। आरोपी के विरुद्ध धारा 34(ए) आबकारी एक्ट के तहत अपराध क्रमांक 55/26 पंजीबद्ध कर वैधानिक कार्रवाई की गई।
पुलिस अधीक्षक भावना पांडेय के निर्देश पर धमतरी पुलिस द्वारा अवैध शराब के कारोबार पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अवैध शराब के निर्माण, परिवहन और बिक्री में संलिप्त लोगों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। पुलिस ने आमजन से अपील की है कि अवैध शराब से संबंधित किसी भी गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें। सूचना देने वाले की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।

