नाबालिगों की ड्राइविंग पर धमतरी पुलिस सख्त, पहली गलती पर चेतावनी... दोबारा पकड़े गए तो होगी कानूनी कार्रवाई

0

 

नाबालिगों की ड्राइविंग पर धमतरी पुलिस सख्त, पहली गलती पर चेतावनी... दोबारा पकड़े गए तो होगी कानूनी कार्रवाई



उत्तम साहू,धमतरी, 29 जुलाई। जिले में नाबालिगों द्वारा वाहन चलाने की बढ़ती घटनाओं पर लगाम लगाने के लिए धमतरी पुलिस ने विशेष अभियान तेज कर दिया है। पुलिस अधीक्षक भावना पांडेय के निर्देशन में चलाए जा रहे इस अभियान के तहत वाहन चलाते मिले नाबालिगों के अभिभावकों को यातायात कार्यालय बुलाकर कड़ी समझाइश दी जा रही है। साथ ही उनके नाम-पते दर्ज कर यह स्पष्ट किया जा रहा है कि पहली बार केवल चेतावनी दी जा रही है, लेकिन दोबारा वही नाबालिग वाहन चलाते मिला तो मोटर वाहन अधिनियम के तहत सख्त कानूनी कार्रवाई होगी।

धमतरी पुलिस ने अभिभावकों को बताया कि मोटर वाहन अधिनियम की धारा 199-A के अनुसार नाबालिग को वाहन चलाने देना दंडनीय अपराध है। ऐसे मामलों में 25,000 तक का जुर्माना, तीन वर्ष तक की सजा तथा नाबालिग के वयस्क होने के बाद भी निर्धारित अवधि तक ड्राइविंग लाइसेंस जारी करने पर रोक लगाने का प्रावधान है।

केवल कार्रवाई ही नहीं, बल्कि जागरूकता पर भी पुलिस बराबर जोर दे रही है। ट्रैफिक डीएसपी मोनिका मरावी और ट्रैफिक प्रभारी उपनिरीक्षक खेमराज साहू की टीम लगातार स्कूलों में पहुंचकर विद्यार्थियों को सड़क सुरक्षा, यातायात नियमों और लाइसेंस बनने से पहले वाहन नहीं चलाने का संदेश दे रही है।

धमतरी पुलिस के अनुसार 1 जनवरी से 28 जुलाई 2026 के बीच जिले के 36 स्कूलों में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए, जिनसे 10,301 छात्र-छात्राएं लाभान्वित हुए। इन कार्यक्रमों में विद्यार्थियों को यातायात नियमों के साथ-साथ साइबर सुरक्षा, नशामुक्ति और सामाजिक जिम्मेदारियों के प्रति भी जागरूक किया गया।



धमतरी पुलिस ने सभी अभिभावकों से अपील की है कि वे अपने बच्चों को ड्राइविंग लाइसेंस बनने से पहले किसी भी प्रकार का मोटर वाहन चलाने की अनुमति न दें। पुलिस का कहना है कि यह अभियान सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने, नाबालिगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने और जिले में जिम्मेदार यातायात व्यवस्था स्थापित करने के उद्देश्य से लगातार जारी रहेगा।

Post a Comment

0Comments

Please Select Embedded Mode To show the Comment System.*

#buttons=(Accept !) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Learn More
Accept !