मामूली विवाद में युवक की चाकू मारकर हत्या, दो दोषियों को उम्रकैद

0

 

मामूली विवाद में युवक की चाकू मारकर हत्या, दो दोषियों को उम्रकैद

धमतरी पुलिस की प्रभावी विवेचना से न्यायालय का फैसला, तत्कालीन विवेचना अधिकारी निरीक्षक राजेश मरई होंगे पुरस्कृत



उत्तम साहू,धमतरी, 21 जुलाई 2026। धमतरी में मामूली विवाद के चलते युवक की चाकू मारकर हत्या करने के मामले में न्यायालय ने दोनों आरोपियों को दोषी ठहराते हुए आजीवन सश्रम कारावास और 500-500 रुपये के अर्थदंड की सजा सुनाई है। धमतरी पुलिस की त्वरित और प्रभावी विवेचना के साथ अभियोजन पक्ष द्वारा प्रस्तुत सशक्त साक्ष्यों के आधार पर यह फैसला आया है।

प्रकरण के अनुसार 31 जनवरी 2025 की रात करीब 11 बजे मृतक शंकर ढीमर (24 वर्ष) अपने साथी रितेश पेंडरिया के साथ मराठापारा स्थित एक छठी कार्यक्रम में भोजन करने गया था। कार्यक्रम से लौटने के बाद दोनों मराठा मंगल भवन के पास पीपल के पेड़ के नीचे बैठे थे। इसी दौरान आरोपी मोनू उर्फ कुई ध्रुव और जन्मदेव सोरी वहां पहुंचे और मामूली विवाद के बाद चाकू से शंकर के सीने, पेट और जांघ पर ताबड़तोड़ वार कर दिए।

गंभीर रूप से घायल शंकर को जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही सिटी कोतवाली पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस पूछताछ में सामने आया कि घटना से दो-तीन दिन पहले मृतक द्वारा आरोपी के मामा की साइकिल वापस नहीं किए जाने को लेकर दोनों पक्षों के बीच विवाद और मनमुटाव चल रहा था। इसी रंजिश के चलते आरोपियों ने हत्या की वारदात को अंजाम दिया।

मामले में थाना सिटी कोतवाली धमतरी में अपराध दर्ज कर भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103(1), 351(2) सहपठित धारा 3(5) के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया। पुलिस ने समयबद्ध तरीके से विवेचना पूरी कर अभियोग पत्र न्यायालय में प्रस्तुत किया।

मामले की सुनवाई के दौरान अभियोजन पक्ष द्वारा प्रस्तुत साक्ष्यों और पुलिस की प्रभावी विवेचना के आधार पर न्यायालय ने दोनों आरोपियों को दोषी ठहराते हुए आजीवन सश्रम कारावास एवं 500-500 रुपये के अर्थदंड से दंडित किया। साथ ही विचारण अवधि के 529 दिनों का समायोजन भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता, 2023 की धारा 468 के तहत प्रदान किया गया।

पुलिस अधीक्षक धमतरी श्रीमती भावना पांडेय (भा.पु.से.) ने मामले में उत्कृष्ट विवेचना कर दोषियों को कठोर सजा दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले तत्कालीन विवेचना अधिकारी निरीक्षक राजेश मरई को उनके सराहनीय कार्य के लिए पुरस्कृत करने की घोषणा की है।

धमतरी पुलिस ने कहा है कि गंभीर अपराधों में त्वरित कार्रवाई, निष्पक्ष विवेचना और प्रभावी अभियोजन के माध्यम से अपराधियों को कठोर सजा दिलाने का अभियान आगे भी जारी रहेगा।

Post a Comment

0Comments

Please Select Embedded Mode To show the Comment System.*

#buttons=(Accept !) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Learn More
Accept !