महानदी पुल पर खून से सनी मिली युवक की लाश, गला रेतकर हत्या की आशंका से सनसनी
सुबह पुल के पास मिला शव, कुरूद और करेली बड़ी पुलिस ने संभाला मोर्चा; फॉरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य
उत्तम साहू, मगरलोड। बुधवार सुबह महानदी पुल पर उस वक्त सनसनी फैल गई, जब एक युवक की खून से लथपथ लाश बरामद हुई। युवक की धारदार हथियार से गला रेतकर हत्या किए जाने की आशंका जताई जा रही है। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार बताया जा रहा है।
जानकारी के अनुसार ग्राम नारी-खट्टी स्थित महानदी पुल के पास बुधवार सुबह लोगों ने एक युवक का शव पड़ा देखा। शव के आसपास खून बिखरा हुआ था। घटना की सूचना मिलते ही कुरूद और करेली बड़ी पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।
प्रारंभिक जांच में मृतक की पहचान नीरज उर्फ राजा साहू (27 वर्ष), पिता खुमान साहू, निवासी कुंडेल (मेघा) के रूप में हुई है। आशंका है कि अज्ञात हमलावर ने धारदार हथियार से युवक के गले पर कई वार किए, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया गया। टीम ने घटनास्थल से महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाने शुरू कर दिए हैं। पुलिस ने शव का पंचनामा तैयार कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
वहीं, हत्या की वारदात के बाद पुलिस ने आरोपी की तलाश तेज कर दी है। आसपास के इलाकों में सर्च अभियान चलाया जा रहा है और पुलिस घटना से जुड़े सभी संभावित पहलुओं की जांच कर रही है।
फिलहाल हत्या की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। इस सनसनीखेज वारदात के बाद क्षेत्र में दहशत और आक्रोश का माहौल है। पुलिस की जांच पूरी होने के बाद ही हत्या के कारणों और वारदात में शामिल आरोपी को लेकर स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

