राजस्व सेवाओं के लिए तरस रहे रायपारा के ग्रामीण, पटवारी पर सहयोग नहीं करने का आरोप

0

 

राजस्व सेवाओं के लिए तरस रहे रायपारा के ग्रामीण, पटवारी पर सहयोग नहीं करने का आरोप

जाति-निवास प्रमाण पत्र सहित जरूरी कार्यों में देरी से ग्रामीण परेशान, कलेक्टर से जांच और नए पटवारी की मांग



उत्तम साहू 

नगरी/धमतरी। धमतरी जिले के अंतिम छोर और मॉडमसिल्ली बांध क्षेत्र के समीप स्थित ग्राम पंचायत केरेगांव के आश्रित ग्राम रायपारा में ग्रामीणों को मूलभूत राजस्व सेवाओं के लिए लगातार परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों का आरोप है कि जाति प्रमाण पत्र, निवास प्रमाण पत्र सहित अन्य जरूरी राजस्व कार्यों के लिए उन्हें बार-बार चक्कर काटने पड़ रहे हैं, लेकिन समय पर आवश्यक सहयोग नहीं मिल रहा है।

ग्रामीणों का कहना है कि संबंधित पटवारी द्वारा राजस्व संबंधी कार्यों में अपेक्षित सहयोग नहीं किए जाने के कारण आदिवासी क्षेत्र के गरीब किसान, विद्यार्थी और आम नागरिक सबसे अधिक प्रभावित हो रहे हैं। प्रमाण पत्रों के अभाव में कई लोगों को शासन की योजनाओं, शिक्षा और अन्य जरूरी सरकारी सुविधाओं का लाभ लेने में भी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।

ग्रामीणों ने कहा कि दूरस्थ और आदिवासी अंचलों में राजस्व सेवाएं ही आम लोगों के लिए प्रशासन से जुड़ने का सबसे महत्वपूर्ण माध्यम हैं। ऐसे में यदि जाति, निवास और अन्य जरूरी दस्तावेजों से जुड़े कार्य समय पर नहीं होंगे, तो इसका सीधा असर ग्रामीणों के अधिकारों और सरकारी योजनाओं के लाभ पर पड़ेगा।

ग्रामीणों की ओर से प्रशासन के समक्ष आवाज उठाने वाले जनजाति समाज से जुड़े प्रतिनिधि ने कहा कि वह स्वयं आदिवासी समाज से आते हैं और क्षेत्र के लोगों की समस्याओं को करीब से समझते हैं। उन्होंने कहा कि ग्रामीणों को अपने छोटे-छोटे राजस्व कार्यों के लिए बार-बार भटकना पड़े, यह प्रशासनिक व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़ा करता है।

कलेक्टर से निष्पक्ष जांच की मांग

ग्रामीणों ने धमतरी कलेक्टर से मामले का तत्काल संज्ञान लेकर निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि शिकायतें सही पाई जाती हैं तो संबंधित पटवारी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए रायपारा क्षेत्र में नए पटवारी की नियुक्ति की जानी चाहिए, ताकि ग्रामीणों को समय पर राजस्व सेवाएं मिल सकें।

अब देखना यह है कि दूरस्थ आदिवासी क्षेत्र के ग्रामीणों की इस शिकायत पर जिला प्रशासन कितनी गंभीरता दिखाता है और क्या राजस्व सेवाओं को लेकर उठ रहे इन सवालों का समाधान जल्द हो पाता है।

Post a Comment

0Comments

Please Select Embedded Mode To show the Comment System.*

#buttons=(Accept !) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Learn More
Accept !