भगवान श्री जगन्नाथ रथयात्रा: सदर मार्ग पर चारपहिया वाहनों की एंट्री रहेगी बंद, पुलिस ने जारी किया रूट प्लान
उत्तम साहू,धमतरी। भगवान श्री जगन्नाथ रथयात्रा महापर्व के अवसर पर 16 जुलाई को धमतरी शहर में विशेष यातायात एवं सुरक्षा व्यवस्था लागू रहेगी। पुलिस अधीक्षक श्रीमती भावना पाण्डेय (भा.पु.से.) के निर्देश पर श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुगम आवागमन सुनिश्चित करने के लिए सदर मार्ग पर चारपहिया वाहनों के प्रवेश पर प्रतिबंध लगाया गया है। साथ ही ड्रोन कैमरों, साइबर टीम, सादे वर्दी के पुलिसकर्मियों और अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की जाएगी।
उप पुलिस अधीक्षक (यातायात) सुश्री मोनिका मरावी के मार्गदर्शन एवं यातायात प्रभारी उप निरीक्षक खेमराज साहू के नेतृत्व में रथयात्रा मार्ग, प्रमुख चौराहों, पार्किंग स्थलों और संवेदनशील क्षेत्रों में व्यापक सुरक्षा इंतजाम किए गए हैं।
सुबह 9 बजे से रहेगा प्रतिबंध
पुलिस के अनुसार, 16 जुलाई को सुबह 9 बजे से रथयात्रा समाप्त होने तक घड़ी चौक से विंध्यवासिनी मंदिर तक सभी प्रकार के चारपहिया वाहनों का प्रवेश पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगा। केवल आपातकालीन सेवाओं एवं अधिकृत वाहनों को ही प्रवेश की अनुमति होगी।
श्रद्धालुओं के लिए पार्किंग व्यवस्था
यातायात पुलिस ने विभिन्न मार्गों से आने वाले श्रद्धालुओं के लिए अलग-अलग पार्किंग स्थल निर्धारित किए हैं—
- रायपुर एवं गुंडरदेही मार्ग से आने वाले श्रद्धालु मकई गार्डन में वाहन पार्क करेंगे।
- कांकेर मार्ग से आने वाले श्रद्धालु इंडोर स्टेडियम परिसर में वाहन खड़े करेंगे।
- नगरी, सिहावा एवं रूद्री मार्ग से आने वाले श्रद्धालु विंध्यवासिनी मंदिर के पीछे स्थित गौशाला मैदान एवं एकलव्य खेल परिसर में पार्किंग का उपयोग करेंगे।
ड्रोन और साइबर टीम रखेगी नजर
रथयात्रा के दौरान प्रमुख मार्गों पर बैरिकेडिंग, डायवर्जन, मार्ग संकेतक एवं वैकल्पिक मार्गों की व्यवस्था की गई है। सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत बनाने के लिए वर्दीधारी पुलिस के साथ सादे वस्त्रों में पुलिसकर्मी, साइबर टीम और विशेष निगरानी दल तैनात रहेंगे। ड्रोन कैमरों से पूरे रथयात्रा मार्ग और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों की निगरानी की जाएगी। संदिग्ध व्यक्तियों, जेबकतरों, चाकूबाजों एवं असामाजिक तत्वों पर विशेष नजर रखी जाएगी।
धमतरी पुलिस की अपील
धमतरी पुलिस ने श्रद्धालुओं और आम नागरिकों से अपील की है कि निर्धारित यातायात एवं पार्किंग व्यवस्था का पालन करें, प्रतिबंधित मार्गों पर चारपहिया वाहन लेकर प्रवेश न करें, बच्चों, महिलाओं एवं बुजुर्गों का विशेष ध्यान रखें तथा किसी भी संदिग्ध व्यक्ति, लावारिस वस्तु या गतिविधि की जानकारी तत्काल डायल-112 अथवा निकटस्थ पुलिस अधिकारी को दें।
पुलिस ने विश्वास जताया है कि नागरिकों के सहयोग से भगवान श्री जगन्नाथ रथयात्रा महापर्व को सुरक्षित, शांतिपूर्ण, सुव्यवस्थित एवं गरिमामय वातावरण में संपन्न कराया जाएगा।

