अंधविश्वास की बलि चढ़ी विधवा बहू: 'डायन' बताकर ससुर ने सिर पर किए ताबड़तोड़ वार, मौके पर मौत
जशपुर। छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले से अंधविश्वास की एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। पत्थलगांव थाना क्षेत्र के डुडुंगजोर गांव में जादू-टोना के शक ने एक परिवार को उजाड़ दिया। यहां एक ससुर ने अपनी ही विधवा बहू को 'डायन' बताकर लकड़ी से इतना पीटा कि उसकी मौत हो गई।
पुलिस के मुताबिक, मृतका नबिना राठिया अपने घर के आंगन में मौजूद थी। इसी दौरान उसके ससुर सुख सिंह राठिया ने उस पर जादू-टोना करने का आरोप लगाया। आरोप-प्रत्यारोप के बीच विवाद बढ़ा तो आरोपी घर के अंदर गया और मोटी लकड़ी लेकर आया। उसने महिला के सिर पर लगातार कई वार किए, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई।
घटना के बाद परिजन और ग्रामीण घायल महिला को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पत्थलगांव लेकर पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
पूछताछ में आरोपी ने पुलिस के सामने अपना अपराध स्वीकार कर लिया। उसने बताया कि उसे शक था कि उसकी विधवा बहू उसके बच्चे पर जादू-टोना कर रही थी। इसी अंधविश्वास और गुस्से में उसने वारदात को अंजाम दिया।
एसडीओपी ध्रुवेश जायसवाल ने बताया कि आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103 के तहत हत्या का मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है। पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है।
यह घटना एक बार फिर समाज में फैले अंधविश्वास की भयावह तस्वीर सामने लाती है, जहां बेबुनियाद शंकाओं और रूढ़ियों के कारण एक महिला की जान चली गई।

