पेंशनर्स समाज तहसील शाखा नगरी की कार्यकारिणी बैठक संपन्न
32 और 27 माह के एरियर्स सहित पेंशनर्स की विभिन्न समस्याओं पर हुई चर्चा
उत्तम साहू
नगरी-सिहावा। छत्तीसगढ़ पेंशनर्स समाज तहसील शाखा नगरी की कार्यकारिणी बैठक पेंशनर्स भवन नगरी में आयोजित की गई। कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के चित्र पर पूजा-अर्चना के साथ हुआ। इसके पश्चात तहसील शाखा नगरी के सभी पदाधिकारियों का गुलाल लगाकर सम्मान किया गया।
बैठक में कोषाध्यक्ष जी.एस. वर्मा ने आय-व्यय का विवरण प्रस्तुत किया। अध्यक्षीय उद्बोधन में अध्यक्ष आर.एल. देव ने बैठक के महत्वपूर्ण विषयों पर जानकारी देते हुए पेंशनर्स के 32 एवं 27 माह के एरियर्स, अगस्त 2026 में प्रांतीय स्तर पर अध्यक्ष एवं अन्य पदाधिकारियों के चुनाव में सहभागिता, जयपुर राजस्थान में आयोजित राष्ट्रीय पेंशनर्स समाज की बैठक सहित पेंशनर्स की विभिन्न समस्याओं पर चर्चा की।
बैठक में सभी पांचों जोन प्रभारियों ने अपने-अपने जोन में आयोजित गतिविधियों की जानकारी दी। बेलरगांव जोन प्रभारी एल.एल. नाग ने संगठन की गतिविधियों को व्यवस्थित रूप से संचालित करने के लिए वार्षिक कैलेंडर तैयार करने का सुझाव दिया, जिसे स्वीकार करते हुए आगामी समय में वार्षिक कैलेंडर तैयार करने पर सहमति बनी।
बैठक के अंतिम चरण में फरवरी 2026 के बाद दिवंगत हुए पेंशनर्स साथियों को भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित की गई। वहीं, पूर्व संगठन सचिव बी.एल. सार्वा के आकस्मिक निधन से रिक्त हुए पद पर पी.एल. सिन्हा, सांकरा को मनोनीत किया गया। इसके अलावा राष्ट्रीय पर्व स्वतंत्रता दिवस 2026 को प्रतिवर्षानुसार धूमधाम से मनाने को लेकर भी चर्चा की गई।
बैठक में अध्यक्ष आर.एल. देव, संरक्षक ए.एल. बनपेला, उपाध्यक्ष एवं जोन प्रभारी नगरी एल.एस. गजपाल, सचिव पी.आर. चंद्रवंशी, संयुक्त सचिव जी.सी. साहू, कोषाध्यक्ष जी.एस. वर्मा, अंकेक्षक बी.एस. सुरेशा, डी.एस. ध्रुव, महिला प्रतिनिधि अलका गजपाल एवं शकुन कश्यप, पत्रिका प्रभारी एस.पी. ग्वाले, मोहन साहू सहित बड़ी संख्या में पेंशनर्स उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का संचालन जी.सी. साहू एवं एस.पी. ग्वाले ने किया। बैठक हर्षोल्लास, सकारात्मक चर्चा एवं विचार-विमर्श के साथ संपन्न हुई। उक्त जानकारी पत्रिका प्रभारी एस.पी. ग्वाले ने दी।

