कृषि महाविद्यालय कुरूद के छात्रों ने बढ़ाया जिले का मान, प्रतिष्ठित बीज कंपनी में मिला इंटर्नशिप और प्लेसमेंट
उत्तम साहू,धमतरी, 2 जुलाई। इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय से संबद्ध कृषि महाविद्यालय एवं अनुसंधान केन्द्र (CARS), कुरूद के विद्यार्थियों ने कैंपस प्लेसमेंट में उल्लेखनीय सफलता हासिल करते हुए महाविद्यालय और जिले का नाम रोशन किया है। प्रतिष्ठित कृषि बीज कंपनी PAN Seeds (P) Ltd., कोलकाता ने महाविद्यालय के पांच विद्यार्थियों का चयन इंटर्नशिप एवं स्थायी नियुक्ति के लिए किया है।
महाविद्यालय के अधिष्ठाता एवं डीन डॉ. नवनीत राणा के मार्गदर्शन में आयोजित चयन प्रक्रिया के बाद छात्र कमल कुमार, विकास कुमार, हिमांशी चंद्राकर और गौरव कुमार साहू का चयन रायपुर स्थित कंपनी के प्लांट में दो माह की इंटर्नशिप के लिए हुआ है। चयनित विद्यार्थियों को इंटर्नशिप के दौरान 7 हजार रुपये प्रतिमाह स्टाइपेंड के साथ निःशुल्क आवास की सुविधा मिलेगी। कंपनी ने सफल इंटर्नशिप के बाद सभी विद्यार्थियों को नियमित पेरोल पर नियुक्ति देने का भी आश्वासन दिया है।
वहीं महाविद्यालय के छात्र नरेंद्र कश्यप का चयन कंपनी की बंजारी (कुरूद) इकाई में ऑफिसर–प्लांट क्वालिटी पद पर सीधे हुआ है। उन्हें 3 लाख रुपये वार्षिक (LPA) वेतनमान के साथ निःशुल्क आवास की सुविधा भी प्रदान की जाएगी।
इस उपलब्धि पर डीन डॉ. नवनीत राणा ने चयनित विद्यार्थियों को बधाई देते हुए कहा कि यह उनकी मेहनत, अनुशासन और महाविद्यालय द्वारा उपलब्ध कराए जा रहे गुणवत्तापूर्ण शिक्षण, आधुनिक तकनीकी प्रशिक्षण एवं उद्योगों के साथ मजबूत समन्वय का परिणाम है। उन्होंने कहा कि महाविद्यालय का उद्देश्य कृषि शिक्षा को रोजगारोन्मुखी बनाना है, ताकि विद्यार्थियों को पढ़ाई के साथ-साथ व्यावहारिक अनुभव और बेहतर रोजगार के अवसर मिल सकें।
महाविद्यालय के प्राध्यापकों एवं कर्मचारियों ने भी चयनित विद्यार्थियों की सफलता पर खुशी व्यक्त करते हुए इसे अन्य छात्रों के लिए प्रेरणादायी बताया। उनका कहना है कि इस सफलता से कृषि शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्टता और उद्योगों के साथ सहभागिता को नई दिशा मिलेगी।

