तारुण्य वार्ता में किशोरों ने रखी बेबाक राय, विशेषज्ञों ने दिए समाधान
भारत स्काउट एवं गाइड स्थानीय संघ नगरी की पहल, स्वास्थ्य, सुरक्षा और जागरूकता पर हुई खुली चर्चा
उत्तम साहू,नगरी, 2 जुलाई। भारत स्काउट एवं गाइड्स छत्तीसगढ़ के स्थानीय संघ नगरी द्वारा छत्तीसगढ़ शासन के निर्देशानुसार गुरुवार को 'तारुण्य वार्ता' कार्यक्रम के अंतर्गत 'खुलकर चर्चा' विषय पर कार्यशाला आयोजित की गई। कार्यशाला में विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए किशोरावस्था से जुड़े सामाजिक, स्वास्थ्य एवं व्यक्तिगत विषयों पर बेझिझक अपनी जिज्ञासाएं रखीं और विशेषज्ञों से समाधान प्राप्त किया।
कार्यक्रम का उद्देश्य किशोर-किशोरियों में आत्मविश्वास विकसित करना, उन्हें सही जानकारी उपलब्ध कराना तथा स्वस्थ एवं सुरक्षित जीवनशैली के प्रति जागरूक बनाना था। संवादात्मक वातावरण में विद्यार्थियों ने शिक्षा, स्वास्थ्य, मानसिक विकास, व्यक्तिगत सुरक्षा एवं सामाजिक चुनौतियों जैसे विभिन्न विषयों पर खुलकर चर्चा की।
महिला एवं बाल विकास विभाग की पर्यवेक्षक श्रीमती चेमीन साहू ने किशोर-किशोरियों के सर्वांगीण विकास, अधिकारों एवं जागरूकता से जुड़े विषयों पर जानकारी दी। वहीं स्वास्थ्य विभाग की ओर से श्रीमती कुसुमलता बाधे एवं श्रीमती ज्योति हीराधर ने किशोर स्वास्थ्य, पोषण, स्वच्छता तथा जीवन कौशल से संबंधित महत्वपूर्ण पहलुओं पर विस्तृत मार्गदर्शन प्रदान किया।
इस अवसर पर सहायक विकासखंड शिक्षा अधिकारी श्रीमती माहेश्वरी ध्रुव, बीआरसी प्रकाश साहू, भारत स्काउट एवं गाइड स्थानीय संघ के आजीवन सदस्य रमेश सर्वा, रामजी बोदेले, डीटीसी जीवन लाल साहू, श्रीमती शशी वंसोर, स्काउट सचिव दुधेश्वर नाथ साहू, स्काउटर हेमंत जांगड़े, प्रहलाद साहू, गाइड कैप्टन गायत्री बोदेले, श्रीमती निशा साहू, श्रीमती ऋचा ध्रुव, सोनाली सोनी, जीतेश्वरी कुंजाम, प्रियंका वर्मा, खिलेश्वर साहू, सुनील चंद्राकर सहित बड़ी संख्या में शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं स्काउट-गाइड पदाधिकारी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में उपस्थित विद्यार्थियों ने इसे उपयोगी और प्रेरणादायी बताते हुए कहा कि इस तरह के संवादात्मक आयोजन उन्हें अपनी जिज्ञासाओं का समाधान पाने के साथ-साथ जीवन के महत्वपूर्ण विषयों पर सही दिशा प्रदान करते हैं। आयोजन के अंत में सभी ने भविष्य में भी ऐसे जागरूकता कार्यक्रम नियमित रूप से आयोजित करने की आवश्यकता पर बल दिया।

