खुशियों के बीच गूंजीं बच्चों की किलकारियां, दलदली (अ) स्कूल में यादगार बना शाला प्रवेशोत्सव
फूल-माला, तिलक, मिठाई, नि:शुल्क गणवेश-पुस्तक वितरण और नेवता भोज के साथ हुआ नौनिहालों का आत्मीय स्वागत
उत्तम साहू,नगरी। नवीन शिक्षा सत्र के शुभारंभ के अवसर पर शासकीय प्राथमिक शाला दलदली (अ) में गुरुवार को शाला प्रवेशोत्सव पूरे उत्साह, उल्लास और पारंपरिक आत्मीयता के साथ मनाया गया। विद्यालय परिसर बच्चों की किलकारियों, अभिभावकों की मौजूदगी और स्वागत गीतों से गुलजार रहा। नवप्रवेशी विद्यार्थियों का फूल-माला पहनाकर, तिलक लगाकर और मिठाई खिलाकर स्वागत किया गया, जिससे उनके चेहरे खुशी से खिल उठे।
कार्यक्रम में ग्राम पटेल नरेश कोर्राम एवं विद्यालय प्रबंधन समिति के नवनिर्वाचित अध्यक्ष हुलास राम नेताम मुख्य रूप से उपस्थित रहे। उन्होंने बच्चों को नियमित अध्ययन के लिए प्रेरित करते हुए कहा कि शिक्षा ही उज्ज्वल भविष्य और समृद्ध समाज की सबसे मजबूत नींव है।
शासन की महत्वाकांक्षी योजनाओं के तहत विद्यार्थियों को नि:शुल्क पाठ्य-पुस्तकें, गणवेश, टाई एवं बेल्ट वितरित किए गए। साथ ही विद्यालय परिसर में पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम का सबसे आकर्षक क्षण तब आया, जब लोक गायिका पार्वती साहू ने शाला प्रवेशोत्सव पर आधारित अपना स्वरचित गीत प्रस्तुत किया। गीत ने पूरे माहौल को उत्साह और उमंग से भर दिया तथा उपस्थित लोगों ने तालियों की गड़गड़ाहट से उनका उत्साहवर्धन किया।
प्रधान अध्यापिका पीयूष साहू ने अपने संबोधन में कहा कि शिक्षा केवल ज्ञान अर्जित करने का माध्यम नहीं, बल्कि बेहतर समाज और सशक्त राष्ट्र के निर्माण की आधारशिला है। उन्होंने पालकों से बच्चों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने और उनकी शिक्षा में सक्रिय सहयोग देने की अपील की।
कार्यक्रम के समापन पर स्थानीय जय दुर्गा महिला स्व-सहायता समूह द्वारा सभी अतिथियों, विद्यार्थियों एवं ग्रामीणों के लिए पारंपरिक नेवता भोज का आयोजन किया गया, जिसने आयोजन को और अधिक आत्मीय एवं यादगार बना दिया।
इस अवसर पर परसराम ध्रुव, मेघनाथ मंडावी, जयप्रकाश, नर्मदा जुर्री, मालती गोटा, सुशीला बाई मरकाम, गौरी साहू, सत्या देवी ध्रुव, परमिला, पद्मा ध्रुव, देवकी यादव सहित बड़ी संख्या में पालक, ग्रामीण एवं विद्यालय परिवार के सदस्य उपस्थित रहे। कार्यक्रम का सफल संचालन शिक्षक राजकुमार शील ने किया।



