धमतरी पुलिस की अवैध शराब के खिलाफ कार्रवाई, महुआ व देशी शराब जब्त
मगरलोड और बिरेझर पुलिस ने दो अलग-अलग मामलों में दो आरोपियों के खिलाफ आबकारी एक्ट के तहत की कार्रवाई
उत्तम साहू,धमतरी, 19 जुलाई 2026। जिले में अवैध शराब के निर्माण, परिवहन और बिक्री के खिलाफ धमतरी पुलिस का अभियान लगातार जारी है। पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में थाना मगरलोड और चौकी बिरेझर पुलिस ने दो अलग-अलग मामलों में कार्रवाई करते हुए महुआ शराब और देशी शराब जब्त की है। दोनों मामलों में दो आरोपियों के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत अपराध दर्ज किया गया है।
पहली कार्रवाई थाना मगरलोड क्षेत्र में ग्राम मड़ेली में की गई। मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने अवैध रूप से महुआ शराब बेच रही एक महिला को पकड़ा। पुलिस ने उसके कब्जे से 4.05 लीटर कच्ची महुआ शराब, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 900 रुपये, तथा 350 रुपये बिक्री रकम समेत कुल 1,250 रुपये की सामग्री जब्त की। मामले में दयावती कमार (59 वर्ष) के विरुद्ध आबकारी अधिनियम की धारा 34(1) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू की गई है।
दूसरी कार्रवाई चौकी बिरेझर, थाना कुरूद क्षेत्र के ग्राम खपरी में की गई। मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने अवैध रूप से देशी शराब बेच रहे नीरज बघेल (28 वर्ष) को पकड़ा। उसके कब्जे से 2.160 लीटर देशी शराब, जिसकी कीमत करीब 1,200 रुपये, तथा 300 रुपये बिक्री रकम सहित कुल 1,500 रुपये की सामग्री जब्त की गई। आरोपी के खिलाफ आबकारी अधिनियम की धारा 34(1) एवं 34(2) के तहत अपराध दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की गई।
धमतरी पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अवैध शराब के निर्माण, परिवहन और बिक्री में संलिप्त लोगों के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। पुलिस ने आमजन से अपील की है कि अपने आसपास अवैध शराब से जुड़ी किसी भी गतिविधि की जानकारी मिलने पर तत्काल निकटतम थाना, डायल-112 अथवा पुलिस कंट्रोल रूम को सूचित करें। सूचना देने वाले की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।

