विश्व आदिवासी दिवस का जिला स्तरीय कार्यक्रम नगरी की कृषि उपज मंडी प्रांगण में होगा
सर्व आदिवासी समाज की बैठक में आयोजन स्थल का प्रस्ताव सर्वसम्मति से पारित, ट्राइबल मंत्री और संवैधानिक विशेषज्ञ को अतिथि बनाने पर चर्चा
उत्तम साहू
धमतरी/नगरी। आगामी 9 अगस्त को मनाए जाने वाले विश्व आदिवासी दिवस के जिला स्तरीय कार्यक्रम को लेकर नगरी में सर्व आदिवासी समाज की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। तहसील गोंडवाना समाज के सामाजिक भवन में आयोजित बैठक की अध्यक्षता जिला अध्यक्ष जीवराखन लाल मरई ने की। बैठक का शुभारंभ सल्ला-गागरा एवं पेन पुरखा की सेवा-अर्जी के साथ किया गया।
बैठक में विश्व आदिवासी दिवस के जिला स्तरीय आयोजन के लिए नगर पंचायत नगरी स्थित कृषि उपज मंडी प्रांगण को सर्वसम्मति से प्रस्तावित किया गया। कार्यक्रम के सफल एवं व्यवस्थित आयोजन की जिम्मेदारी तहसील सर्व आदिवासी समाज नगरी, शासकीय अजजा कर्मचारी-अधिकारी संघ नगरी तथा क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों को सौंपी गई।
कार्यक्रम को सुनियोजित ढंग से संपन्न कराने के लिए विभिन्न समितियों के गठन एवं कार्यों की रूपरेखा तैयार करने पर भी चर्चा की गई। अतिथि चयन को लेकर भी विचार-विमर्श हुआ, जिसमें ट्राइबल मंत्री स्तर के अतिथि तथा संवैधानिक विषयों के विशेषज्ञ वक्ता को आमंत्रित करने का प्रस्ताव सर्वसम्मति से लिया गया।
बैठक में सांकरा एवं बेलर ग्राम पंचायत को नगर पंचायत बनाए जाने के विषय पर भी चर्चा हुई। सामाजिक प्रतिनिधियों ने पांचवीं अनुसूची क्षेत्र के संवैधानिक प्रावधानों का हवाला देते हुए इस संबंध में आवश्यक कार्रवाई के लिए प्रस्ताव पारित किया। इसके अलावा सीतानदी-उदंती अभ्यारण्य क्षेत्र में मूलभूत सुविधाओं एवं स्थानीय लोगों की समस्याओं पर भी गंभीरता से चर्चा की गई।
विश्व आदिवासी दिवस के जिला स्तरीय कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए सामाजिक जनों से आर्थिक सहयोग प्राप्त करने पर भी सहमति बनी। बैठक में जिला एवं तहसील सर्व आदिवासी समाज के पदाधिकारियों सहित बड़ी संख्या में सामाजिक जन उपस्थित रहे।
इस अवसर पर उदय सिंह नेताम, जयपाल ठाकुर, ए.आर. ठाकुर, सुरेन्द्र राज ध्रुव, कृष्णा नेताम, एच.आर. ध्रुव, ईश्वर नेताम, लिलेश्वर ग्वाल, रमी गौतम, भूमिका कोर्राम, खिलेन्द्र पडोटी, गेवाराम नेताम, टीकम सिंह ध्रुव, नरेश कावड़े, उमेश देव, सुरेश ध्रुव, पी.आर. नेताम, डोमार सिंह नेताम, महेश गोटा, हरख मंडावी, संतकुमार नेताम, नीलू छेदैया, नरसिंग मरकाम, दलगंजन मरकाम, हलधर शार्दूल, उत्तम नेताम, हेमलाल मरकाम, पूरन नेताम, मुनेन्द्र ध्रुव, शशिकला ध्रुव, कुलेश्वरी नेताम, सत्यवती नेताम, मीना देवी शांडिल्य, शशि ध्रुव, पुष्पा देवी मंडावी, राधिका साक्षी, शैल नेताम सहित बड़ी संख्या में सामाजिक जन उपस्थित रहे।


