विद्यार्थियों को यातायात, साइबर सुरक्षा और नए कानूनों की दी जानकारी
मेनोनाइट हिंदी मीडियम स्कूल में धमतरी पुलिस का जागरूकता अभियान, नशे से दूर रहने और सुरक्षित नागरिक बनने का दिया संदेश
उत्तम साहू,धमतरी। पुलिस अधीक्षक श्रीमती भावना पांडेय के निर्देश पर धमतरी पुलिस द्वारा विद्यार्थियों एवं युवाओं को जागरूक करने के उद्देश्य से लगातार जन-जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में शनिवार को मेनोनाइट हिंदी मीडियम उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, धमतरी में यातायात सुरक्षा, साइबर अपराध, नशामुक्ति एवं नए आपराधिक कानूनों को लेकर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम में विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं विद्यालय स्टाफ को सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी दी गई। विद्यार्थियों को दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट पहनने, चारपहिया वाहन में सीट बेल्ट लगाने, निर्धारित गति सीमा का पालन करने, वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का उपयोग नहीं करने तथा नाबालिगों को वाहन नहीं चलाने की समझाइश दी गई।
पुलिस अधिकारियों ने कहा कि यातायात नियमों का पालन केवल कानूनी दायित्व नहीं, बल्कि स्वयं और दूसरों के जीवन की सुरक्षा के लिए भी बेहद जरूरी है। विद्यार्थियों को नशे के दुष्प्रभावों की जानकारी देते हुए नशे से दूर रहने और अपने मित्रों एवं परिजनों को भी नशामुक्त जीवन के लिए प्रेरित करने की अपील की गई।
साइबर ठगी से बचाव के बताए उपाय
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को ऑनलाइन फ्रॉड, फर्जी लिंक, ओटीपी साझा करने, डिजिटल अरेस्ट, फर्जी निवेश, सोशल मीडिया ठगी और बैंकिंग धोखाधड़ी से बचने के उपाय बताए गए। पुलिस ने किसी भी प्रकार की साइबर ठगी होने पर तत्काल राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन 1930 अथवा cybercrime.gov.in पर शिकायत दर्ज कराने की जानकारी दी।
इसके साथ ही विद्यार्थियों को भारतीय न्याय संहिता (BNS), भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) एवं भारतीय साक्ष्य अधिनियम (BSA) सहित नए आपराधिक कानूनों की प्रमुख जानकारियां सरल भाषा में दी गईं।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने पुलिस अधिकारियों से विभिन्न विषयों पर सवाल पूछे, जिनका सरल एवं व्यवहारिक तरीके से जवाब दिया गया। अंत में विद्यार्थियों को कानून का पालन करने, जिम्मेदार नागरिक बनने तथा समाज में सुरक्षा और जागरूकता का संदेश फैलाने का संकल्प दिलाया गया।
इस अवसर पर विद्यालय की प्राचार्य श्रीमती एस. मसीह, शिक्षकगण, यातायात प्रभारी उपनिरीक्षक खेमराज साहू, प्रधान आरक्षक पेमन साहू, चालक योगेश गौतम सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। धमतरी पुलिस द्वारा बताया गया कि इस प्रकार के जागरूकता कार्यक्रम जिले के विभिन्न विद्यालयों, महाविद्यालयों एवं सार्वजनिक स्थानों पर आगे भी निरंतर आयोजित किए जाएंगे।



