कीचड़ में फंसे ट्रैक्टर को निकालना पड़ा भारी, पलक झपकते ही पलटा वाहन… चालक की दर्दनाक मौत
लकड़ी की बल्लियों के सहारे ट्रैक्टर निकालने की कोशिश के दौरान हुआ हादसा, वाहन के नीचे दबे चालक ने मौके पर तोड़ा दम
सरगुजा। खेत में फंसे ट्रैक्टर को बाहर निकालने की कोशिश एक परिवार के लिए जिंदगी भर का गम बन गई। उदयपुर विकासखंड के ग्राम तेंदुटिकरा में रविवार को ट्रैक्टर निकालने के दौरान अचानक वाहन पलट गया। हादसे में चालक की ट्रैक्टर के नीचे दबने से मौके पर ही मौत हो गई।
जानकारी के मुताबिक ग्राम पंचायत रामनगर निवासी बालम सिंह नेटी, पिता भज्जू राम, अपने रिश्तेदार के यहां ग्राम तेंदुटिकरा में ट्रैक्टर से नागर जुताई करने पहुंचे थे। खेत में अत्यधिक कीचड़ होने के कारण जुताई के दौरान ट्रैक्टर का इंजन जमीन में धंस गया। काफी मशक्कत के बावजूद जब ट्रैक्टर बाहर नहीं निकल सका तो उसे निकालने के लिए दूसरा तरीका अपनाया गया।
ट्रैक्टर में लगे नागर को अलग करने के बाद ग्रामीणों ने वाहन के ‘केच बिल’ के दोनों ओर मोटी लकड़ी की बल्लियां फंसाकर ट्रैक्टर को बाहर खींचने का प्रयास शुरू किया। इसी दौरान अचानक ट्रैक्टर का संतुलन बिगड़ गया। वाहन का अगला हिस्सा ऊपर उठा और देखते ही देखते ट्रैक्टर पीछे की ओर पलट गया।
इस दौरान चालक बालम सिंह नेटी ट्रैक्टर के नीचे दब गए और उनकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। घटना की सूचना मिलते ही उदयपुर पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक पंचनामा कार्रवाई की। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने के बाद अंतिम संस्कार के लिए परिजनों को सौंप दिया।
हादसे के बाद गांव में मातम पसरा हुआ है। घटना ने एक बार फिर खेतों में फंसे भारी वाहनों को निकालने के दौरान बरती जाने वाली सावधानी की जरूरत को सामने ला दिया है।

