दिल दहला देने वाली वारदात: मां-बेटी की बेरहमी से हत्या, 10 महीने की मासूम भी नहीं बची

0

 

दिल दहला देने वाली वारदात: मां-बेटी की बेरहमी से हत्या, 10 महीने की मासूम भी नहीं बची

बोर घर में खून से लथपथ मिले मां और मासूम के शव, भारी वस्तु से हमला किए जाने की आशंका; अज्ञात आरोपी की तलाश में जुटी पुलिस



रायगढ़। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में एक ऐसी वारदात सामने आई है, जिसने पूरे इलाके को दहला दिया है। लैलूंगा थाना क्षेत्र के छापरपानी गांव में एक महिला और उसकी महज 10 महीने की मासूम बेटी की निर्मम हत्या कर दी गई। दोनों के सिर और चेहरे पर किसी भारी वस्तु से हमला किए जाने की आशंका जताई जा रही है।

घटना का खुलासा उस समय हुआ, जब गुरुवार सुबह एक ग्रामीण की नजर बोर घर में पड़ी महिला पर गई। सूचना मिलते ही परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंचे। वहां का दृश्य देखकर उनके होश उड़ गए। महिला गंभीर रूप से घायल अवस्था में खून से लथपथ पड़ी थी, जबकि उसकी 10 महीने की बेटी परी भी पास में मृत मिली।

परिजन घायल महिला को तत्काल अस्पताल ले जाने के लिए निकले, लेकिन रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया। वहीं, मासूम बच्ची के सिर पर भी गंभीर चोट के निशान पाए गए हैं।

पति की मौत के बाद अकेले गुजार रही थी जिंदगी

पुलिस के अनुसार मृतका की पहचान बरत कुमारी (40 वर्ष) के रूप में हुई है। उसके पति की करीब चार से पांच वर्ष पहले मौत हो चुकी थी। बताया जा रहा है कि इसके बाद उसकी मानसिक स्थिति ठीक नहीं रहती थी और वह इधर-उधर भटककर जीवन यापन करती थी।

करीब 10 महीने पहले उसने एक बच्ची को जन्म दिया था। बच्ची के पिता के संबंध में अभी कोई स्पष्ट जानकारी सामने नहीं आई है। बाद में बरत कुमारी अपनी मासूम बेटी के साथ प्रहलाद बेहरा के खेत में बने बोर घर में रहने लगी थी।

ग्रामीणों के अनुसार, बुधवार को उसे सुकवास गांव से चावल लेकर लौटते हुए देखा गया था। इसके बाद गुरुवार सुबह बोर घर में मां-बेटी की हत्या की खबर सामने आई।

पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य

घटना की सूचना मिलते ही लैलूंगा पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए गए हैं। पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103(1) के तहत हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आखिर मां और उसकी मासूम बच्ची को किसने और किस वजह से निशाना बनाया। वारदात के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है और ग्रामीणों में भय का माहौल है।

Post a Comment

0Comments

Please Select Embedded Mode To show the Comment System.*

#buttons=(Accept !) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Learn More
Accept !